What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: प्रतिमा को लेकर जाती जेसीबी के वीडियो को असली इंसान का बताकर किया जा रहा है वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मेरठ के नीले ड्रम वाले मामले से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जेसीबी ने एक खंभे को उठाया हुआ है,जिसमें कपड़ा बांधे एक आदमी का सिर नजर आ रहा है। वीडियो में आस-पास पुलिस कर्मियों को भी देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि शख्स को खंभे में चुनवा दिया गया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। हिसार के आर्यनगर गांव के चौराहे पर लगी कुंभाराम नामक आदमी की प्रतिमा को विवाद के चलते हटवा दिया गया था। उसी वीडियो को अब कुछ लोग गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Better Life’ ने (आर्काइव लिंक) 17 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अभी तक नीला ड्रम में मार कर रखा जा रहा था

अब तो सारी हदें पार हो गई है। इस घटना से तो शैतान को भी खौफ आ जाएगा लेकिन इंसान को नहीं आ रहा (पिल्लर में चुनवा दिया गया एक शख्स को) वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।”

कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो bbnnewshisar नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। 11 सितंबर 2025 को शेयर वीडियो के कैप्शन में लिखा गया,”आर्य नगर में बस भरकर पहुंची पुलिस साथ में बुलडोजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट, शहीद की प्रतिमा तोड़ने की तैयारी, मौके पर भारी भीड़”

हमें City Big News नामक फेसबुक पेज पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 16 सितंबर 2025 को शेयर वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार,”हिसार के  नजदीक लगते आर्य नगर गांव से कुंभाराम की प्रतिमा हटाने वाले ड्यूटी मैजिस्ट्रेट संजय सांगवान को हिसार डीसी ने सस्पेंड कर दिया है, हिसार में फोरलेन चौक से स्वतंत्रता सेनानी कुंभाराम की प्रतिमा हटाने का मामला गरमा गया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट संजय सांगवान ने डीसी के आदेशों की अवहेलना करते हुए प्रतिमा गिरा दी, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। डीसी ने माहौल खराब होने के डर से प्रतिमा हटाने से मना किया था और दो दिन बाद कार्रवाई करने को कहा था। बावजूद इसके प्रतिमा हटा दी गई, दरअसल कुंभाराम की प्रतिमा लगाने के बाद गांव का एक धड़ा इसके विरोध में खड़ा हो गया और उन्होंने मिलकर डीसी को शिकायत दी थी, प्रतिमा गिराने के बाद गांव वालों ने और सामाजिक लोगों ने इस चीज का काफी विरोध किया था, आप भी सुनिए एक हफ्ते पहले प्रतिमा गिराने आए ड्यूटी मजिस्ट्रेट संजय सांगवान ने क्या कहा था।”

अमर उजाला की वेबसाइट पर भी वीडियो से जुड़ी खबर मिली। रिपोर्ट को 11 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया है। खबर मेज बताया गया,”गांव आर्यनगर में हिसार बालसमंद मार्ग के पातन मोड़ पर फोरलेन स्टेट हाईवे पर चौराहे पर कुम्भाराम की प्रतिमा को जिला प्रशासन ने हटवा दिया है। परिजनों ने कुम्भाराम को आज़ाद हिन्द फौज का सिपाही बताया जबकि ग्रामीणों का कहना है कि वे कोई आज़ाद हिन्द के सिपाही नहीं थे। ग्रामीणों के विरोध पर जिला प्रशासन ने पुलिस दल-बल के साथ आज इस प्रतिमा को हटवा दिया।”

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 10 सितंबर को छपी खबर के अनुसार, “हिसार के आर्यनगर में एक परिवार द्वारा लगवाई गई कुंभाराम की प्रतिमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिवार ने कुंभाराम को आजाद हिंद फौज का सिपाही बताया। लेकिन ग्रामीणों ने इस दावे का विरोध किया।”

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबर यहां देखें।

हमने वीडियो को लेकर दैनिक जागरण, हिसार के चीफ रिपोर्टर अमित धवन से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि यह वीडियो हिसार का है। उन्होंने यह भी यह बताया कि वीडियो को जिस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है, वो गलत है। यह असली इंसान नहीं है, बल्कि प्रतिमा है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 7 हजार लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: प्रतिमा को लेकर जाती जेसीबी के वीडियो को असली इंसान का बताकर किया जा रहा है वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments