नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 15 फरवरी 2026 को भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर जीत दर्ज की। इस मुकाबले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बहुत से लोगों को सड़कों पर जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो में कुछ लोग आग के चारों तरफ नाचते हुए भी नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद भीड़ खुशी जाहिर करती हुई दिखाई दे रही है।
वीडियो को शेयर करते हुए कई यूजर दावा कर रहे हैं कि यह पाकिस्तान की भारत से हार के बाद जश्न मनाने का है। दावा किया जा रहा है कि यह बलूचिस्तान का वीडियो है, जहां बलोच समुदाय के लोग पाकिस्तान की हार पर जश्न मना रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबले के बाद का नहीं है। यह वीडियो जनवरी 2026 में लाहौर की एक यूनिवर्सिटी में हुए फेस्टिवल का है, जहां बलूच कल्चरल डांस हुआ था। यह फेस्टिवल कोलंबो में हुए टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले हुआ था और इसका क्रिकेट के मुकाबले या पाकिस्तान की हार से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘अंशिका ठकुराइन’ ने 16 फरवरी को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर भारत की धमाकेदार जीत ने सिर्फ हिंदुस्तान ही नहीं, बल्कि बलोचिस्तान में भी उत्सव करा माहौल बना दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बलोच समुदाय के लोग ढोल-नगाड़ों पर झूमते, नाचते और तिरंगा लहराते नजर आए। कई युवाओं ने इस जीत को “हमारी जीत” बताते हुए खुलकर खुशी जाहिर की.. स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे बलोचिस्तान की आज़ादी की लंबी लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि भारत की हर जीत उन्हें नई उम्मीद देती है। 2019 वर्ल्ड कप के बाद भी बलोच समर्थकों ने भारत को बधाई दी थी, लेकिन इस बार जश्न और भी खुला और मुखर दिखा।”
यहां पोस्ट को ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च में हमें इसी जश्न से मिलता-जुलता वीडियो ‘बलूचिस्तान डॉट कॉम’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 24 जनवरी 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, यह ‘गवर्नमेंट कॉलेज यूनिवर्सिटी’ (जीसीयू) लाहौर का वीडियो है।
इसी कड़ी में हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें ‘जीसीयू यूथ’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो को 26 जनवरी 2026 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी में बलूचिस्तान कल्चरल डांस का यह वीडियो है।

वायरल वीडियो से मिलते-जुलते और भी कई वीडियो हमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जनवरी 2026 में अपलोड किए हुए मिले। यहां बताया गया कि यह यूनिवर्सिटी में हुए एक फेस्टिवल के दौरान बलोच डांस का वीडियो है। यहां वीडियो को ‘बलोची चाप’ बताया गया है।
बता दें कि 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया । वहीं, वायरल किया जा रहा वीडियो जनवरी 2026 का है, यानी भारत-पाकिस्तान के टी20 मुकाबले से पहले का है।
16 फरवरी 2026 की न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, “भारत-पाकिस्तान के बीच हुए टी-20 मैच में पाकिस्तान की हार और भारत की जीत की ख़ुशी पड़ोसी देश पाकिस्तान के भी एक हिस्से में जमकर मनाई गई। अपनी आजादी के लिए संघर्ष कर रहे बलूचिस्तान में लोगों ने अपने पारंपरिक डांस के जरिये जीत की खुशी मनाई।”
वहीं एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, भारत से हार के बाद बलूचिस्तान के लोगों ने पारंपरिक डांस करते हुए जश्न मनाया है। टाइम्स नाउ के फेसबुक पेज पर 16 फरवरी 2026 को पोस्ट हुई खबर को यहां देखा जा सकता है।
हालांकि, हम रिपोर्ट्स में जश्न का जो दावा किया गया है, या इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करते हैं। लेकिन हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि पुराना है और अन्य संदर्भ से संबंधित है।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने पाकिस्तान के पत्रकार आदिल अली से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह लाहौर की एक यूनिवर्सिटी में हुए बलोची डांस का वीडियो है। यह टी20 मैच से पहले का है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाली फेसबुक यूजर ‘अंशिका ठकुराइन’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 14 हजार लोग फॉलो करते हैं और वह फेसबुक पर काफी एक्टिव हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबले के बाद का नहीं है। यह वीडियो जनवरी 2026 में लाहौर की एक यूनिवर्सिटी में हुए फेस्टिवल का है, जहां बलूच कल्चरल डांस हुआ था। यह फेस्टिवल कोलंबो में हुए टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले हुआ था और इसका क्रिकेट के मुकाबले या पाकिस्तान की हार से कोई संबंध नहीं है।
The post Fact Check: भारत से पाकिस्तान की हार के बाद बलूचिस्तान में जश्न मनाए जाने के दावे से वायरल वीडियो पुराना है appeared first on Vishvas News.
0 Comments