नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में बिहार पहुंचे थे। उन्होंने वहां पर पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया, नई रेल सेवाओं की शुरुआत की घोषणा की और कई अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इसी दौरान पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने उनसे मुलाकात की थी। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर पप्पू यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें भगवा रंग के कपड़े पहने और भजन गाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पीएम से मुलाकात के बाद का है। उनसे मिलने के बाद पप्पू यादव में बड़ा बदलाव देखने को मिला है और वो भगवा के रंग में रंग गए हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच महीने पुराना है। दरअसल, रामनवमी के मौके पर सांसद पप्पू यादव पूर्णिया में हुई एक शोभायात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। यह वीडियो उसी दौरान का है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sunil Kumar’ ने 17 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “जबसे ये मोदी जी के मंच से उतरे हैं,तबसे गड़बड़ा गए हैं!कांग्रेसी धर्म का पालन नहीं कर रहे हैं!! लगता मोदी जी ने इनका दिमाग हैक कर लिया ये भगवा रंग में रंग रहे हैं! पूर्णिया के यशस्वी सांसद पप्पू यादव जी का सनातन धर्म में पुनः एक बार फिर स्वागत है!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ABJ NEWS (Bihar,Jharkhand) और BHARAT TV 24 नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 7 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो रामनवमी के मौके पर पूर्णिया में निकाली गई शोभायात्रा का है।
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने पप्पू यादव के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगलाना शुरू किया। हमें वायरल वीडियो उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 7 अप्रैल 2025 को अपलोड किया गया था। यहां पर भी वीडियो को शोभायात्रा का ही बताया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने सांसद पप्पू यादव के करीबी राजेश यादव से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है।
न्यूज 18 की आधिकारिक वेबसाइट पर 17 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “”पूर्णिया में एनडीए के मंच पर पूर्णिया एयरपोर्ट का जब उद्घाटन हो रहा था और मंच पर प्रधानमंत्री सहित एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद थे, तभी पप्पू यादव मंच पर पीएम के नजदीक पहुंचे तब प्रधानमंत्री और उनके बीच जब बातचीत हो रही थी। तब पीएम भी पप्पू यादव के बात को सुन मुस्कुराने लगे, वहीं पप्पू यादव भी बेहद उत्साहित दिखे और उन्होंने मंच से ही प्रधान मंत्री के विकास को लेकर तारीफ भी कर दी, जिसके बाद चर्चा का बाजार गर्म है। राजनीतिक हलके में सांसद को लेकर चर्चा का बाजार इस बात को लेकर गर्म है कि पप्पू यादव के मन में कुछ पक रहा है क्या ?”
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किय। हमने पाया कि यूजर को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को पटना का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पप्पू यादव के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच महीने पुराना है। दरअसल, रामनवमी के मौके पर सांसद पप्पू यादव पूर्णिया में हुई एक शोभायात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। यह वीडियो उसी दौरान का है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: पप्पू यादव के पुराने वीडियो को पीएम मोदी से हुई मुलाकात से जोड़कर भ्रामक दावे से किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.
0 Comments