What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: यह वीडियो कोलकाता में वक़्फ़ बिल के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है, मणिपुर में मोदी के खिलाफ हुई रैली का नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर 2025 को मणिपुर का दौरा किया था। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर एक विरोध प्रदर्शन का वीडियो वायरल हो रहा है जिसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मणिपुर में मोदी के खिलाफ हुए प्रदर्शन का वीडियो है।  

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह वीडियो अप्रैल 2025 में कोलकाता में वक्फ बिल के विरोध में हुए प्रदर्शन का है, मणिपुर का नहीं।  

 क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर MD Alimul Islam ने 14  सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “मणिपुर में वोट चोर गद्दी छोड़ के नारा

मणिपुर में भारी विरोध मोदी का। BJP का भरी विरोध” साथ में कैप्शन में लिखा है “मणिपुर की जनता ने मोदी, RSS, भाजपा को नकारा है। अब नेपाल जैसा ही जनांदोलन भारत में होने का संकेत है यह!“

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इस वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें यह पूरा वीडियो @trisharooy नाम के यूट्यूब चैनल पर 14 अप्रैल 2025 को अपलोड मिला। साथ में लिखा था कि यह कोलकाता में वक़्फ़ बिल के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का है।

हमें यह वीडियो तृषा रॉय के इंस्टाग्राम अकाउंट  पर भी 14 अप्रैल 2025 को अपलोड मिला। यहाँ भी इसे कोलकाता में वक़्फ़ बिल के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का बताया गया।

कीवर्ड्स से ओपन सर्च करने पर हमें 14 अप्रैल 2025 को कोलकाता में वक़्फ़ बिल के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर कई खबरें मिलीं। ख़बरों के अनुसार, यह प्रदर्शन रैली सियालदह स्टेशन क्षेत्र से रामलीला मैदान तक निकाली गई थी।

इस मामले में दैनिक जागरण के पश्चिम बंगाल ब्यूरो प्रमुख जेके वाजपेयी ने कन्फर्म किया, “यह कोलकाता के सियालदह में एनआरएस हॉस्पिटल के पास का दृश्य है, जिसे वहां के फुटओवर ब्रिज से फिल्माया गया है। वीडियो अप्रैल में वक़्फ़ बिल के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का है। “

गूगल मैप्स पर सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो वाली जगह कोलकाता के सियालदह में मिल गयी।

पीएम मोदी की मणिपुर यात्रा

बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 सितंबर 2025 को मणिपुर का दौरा किया था। मई 2023 में राज्य में जातीय हिंसा शुरू होने के बाद यह उनकी पहली यात्रा थी। प्रधानमंत्री के दौरे के लिए लगाए गए बैनरों और कटआउटों को कथित तौर पर हटाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया था। 14 सितंबर को, इन लोगों की रिहाई की माँग करते हुए चुराचांदपुर में भीड़ ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें भी हुईं थीं।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर MD Alimul Islam के करीब 7000 फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: यह वीडियो कोलकाता में वक़्फ़ बिल के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है, मणिपुर में मोदी के खिलाफ हुई रैली का नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments