नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच सरकारी आवास खाली करने को लेकर बयानबाजी चल रही है। पटना में सरकारी आवास खाली न करने के राबड़ी देवी के बयान के बाद सम्राट चौधरी ने उन पर तीखा हमला बोला है। इसी से जोड़ते हुए सम्राट चौधरी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में सीएम सम्राट चौधरी को राबड़ी देवी के पैर छूते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सरकारी आवास को लेकर राबड़ी देवी पर दिए गए बयान के बाद बिहार के सीएम ने उनके पैर छूकर माफी मांगी है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रही तस्वीर को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Royal Sunil Yadav’ ने 3 जून 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “राज्य माता राबड़ी देवी के चरण स्पर्श करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी अपनी गलती का क्षमा मांग रहे हैं राबड़ी देवी जी से उम्र का लिहाज करना चाहिए सम्राट चौधरी जी माइक पकड़ के कुछ भी बोल देना किसी के ऊपर टिप्पणी कर देना यह गलत है राबड़ी आवास खाली करने के लिए उसे किस तरह से बोला जाता है भाषाओं में मर्यादित रखना चाहिए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें इस बात का जिक्र हो कि सम्राट चौधरी ने राबड़ी देवी के पैर छूकर उनसे माफी मांगी है। ऐसे में हमें तस्वीर के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इस फोटो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक किया। ‘हाइव मॉडरेशन’ की एनालिसिस इस तस्वीर को एआई से बनाए जाने की अधिकतम संभावना (करीब 99 फीसदी) की पुष्टि करती है।

वायरल तस्वीर को हमने एक अन्य टूल ‘Sight Engine’ की मदद से भी जांचा । इस टूल ने भी 99 फीसदी तक इस फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा है, “मैं यही कहना चाहता हूँ कि राज्य के नेताओं को, विशेषकर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पदों पर बैठे लोगों को, हमेशा संयमित और मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। किसी भी व्यक्ति पर टिप्पणी करते समय उसकी उम्र, सम्मान और सामाजिक गरिमा का ध्यान रखना आवश्यक है। हमारी माता श्री हमारे लिए सम्मान का विषय हैं। इसलिए किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत टिप्पणी उचित नहीं मानी जा सकती। लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संवाद हमेशा शालीन और सम्मानजनक होना चाहिए। मर्यादित भाषा और आपसी सम्मान ही राजनीति की सबसे बड़ी पहचान है।” पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।
इस मामले में अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई से बनाई गई है।
गौरतलब है कि साल 1999 में सम्राट चौधरी राबड़ी देवी के काफी करीबी थे। वह तब की राबड़ी सरकार में कृषि मंत्री भी बने थे। हालांकि, उनकी उम्र पर विवाद होने के बाद राज्यपाल ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था। साल 2013 में सम्राट चौधरी 13 विधायकों के साथ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में आ गए थे। 2017 में वह बीजेपी से जुड़ गए थे। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
सम्राट चौधरी के माता-पिता दोनों आरजेडी में रह चुके हैं। इतना ही नहीं सम्राट चौधरी के पिता लालू यादव के बेहद करीबी लोगों में से एक थे। वह लालू प्रसाद यादव की पार्टी से 7 बार विधायक और सांसद भी रहे। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
क्या है संदर्भ?
राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने के लिए नोटिस भेजा गया है। इसी पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि कुछ लोगों को घर खाली नहीं कर रहे हैं। लेकिन घर खाली हो जायेगा। कोई माई का लाल इसे रोक नहीं सकता है। इसके जवाब में राबड़ी देवी ने कहा, “बंगला खाली नहीं होगा। फोर्स बुलाकर खाली करवा लीजिए।” पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राबड़ी देवी के पैर छूते बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रही तस्वीर को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है। हालांकि, जब सम्राट चौधरी आरजेडी में थे, उस दौरान वह राबड़ी देवी के काफी करीबी नेता थे।
The post Fact Check: राबड़ी देवी के पैर छूते सीएम सम्राट चौधरी की वायरल तस्वीर एआई-निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments