What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: शाह रुख खान ने नहीं कही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ में शामिल होने की बात, डीपफेक है वायरल वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की देश के युवाओं को लेकर की गई एक कथित टिप्पणी के विरोध स्वरूप ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अभियान शुरू हुआ था। अब इसी से जोड़ते हुए शाह रुख खान का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तारीफ करते हुए उसमें शामिल होने की बात कहते हुए सुना जा सकता है।

वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। जांच में पता चला कि वीडियो फर्जी है। वीडियो में शाह रुख खान की नकली आवाज का इस्तेमाल करके इसे बनाया गया है। उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तारीफ करते हुए उसमें शामिल होने जैसी कोई बात नहीं कही है। असली वीडियो ‘जवान’ फिल्म की लॉन्चिंग इवेंट से जुड़ा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘Jashim Ahmed’ ने 22 मई 2026 को वायरल वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “शाहरुख खान कॉकरोच जनता पार्टी में शामिल होना चाहते हैं।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। सर्च के दौरान हमें वायरल दावे से संबंधित एक भी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। यदि शाह रुख खान जैसा एक्टर इतना बड़ा बयान देता तो वह जरूर मीडिया की हेडलाइन बनती।

विश्वास न्यूज ने शाह रुख खान के सोशल मीडिया हैंडल्स को भी खंगाला। वहां भी हमें वायरल वीडियो जैसा कोई बयान नहीं मिला। जांच के अगले चरण में वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के माध्यम से स्कैन किया गया।

असली वीडियो हमें ‘Sree Gokulam Moview’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 10 सितंबर 2023 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो से यह स्पष्ट हुआ कि यह शाह रुख खान की फिल्म ‘जवान’ की लॉन्चिंग से जुड़ा था। इस वीडियो में शाह रुख खान को उसी गेटअप और कपड़ों में देखा जा सकता है, जो अब गलत दावे के साथ वायरल हो रहे वीडियो में भी हैं।

हमारी अब तक की जांच में यह साबित हो गया कि शाह रुख खान के पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो को तैयार किया गया है।

अधिक पुष्टि के लिए हमने वायरल पोस्ट में मौजूद वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘Hiya’ से चेक किया। निष्कर्ष में 94 फीसदी इस बात की आशंका जताई गई कि एआई से बने ऑडियो क्लोन का इस्तेमाल किया गया है।

Uncovai’ टूल ने भी वायरल वीडियो में मौजूद शाह रुख खान की आवाज के एआई-जेनरेटेड होने की आशंका जताई।

शाह रुख खान के वायरल वीडियो की अधिक पुष्टि के लिए अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ ‘Hive AI deepfake detector’ की एनालिसिस शेयर की। इसमें शाहरुख खान वाले हिस्से को डीपफेक बताया।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, मुंबई में बॉलीवुड कवर करने वाली वरिष्ठ संवाददाता स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उनके साथ हमने वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि शाह रुख खान ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल वीडियो फेक है।

क्या है संदर्भ?

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया था। बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया था। उनका बयान फर्जी डिग्रियां लेकर वकालत जैसे पेशों में प्रवेश करने वालों के खिलाफ था, न कि आम युवाओं के खिलाफ। वहीं, इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक अभियान शुरू हुआ, जिसकी शुरुआत अभिजीत दीपके ने की थी। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भारत में रोक लग गई है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। ‘Jashim Ahmed’ नाम के इस यूजर को इंस्टाग्राम पर 35 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट फरवरी 2024 में बनाया गया था। यूजर असम का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में शाह रुख खान का वायरल वीडियो फेक साबित हुआ। उन्‍होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ में शामिल होने की कोई बात नहीं कही है। असली वीडियो ‘जवान’ फिल्म की लॉन्चिंग इवेंट से जुड़ा हुआ है। इसके साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो तैयार किया गया है।

The post Fact Check: शाह रुख खान ने नहीं कही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ में शामिल होने की बात, डीपफेक है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments