What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का नहीं, दिल्ली में हुए मामले से संबंधित है यह वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश  में गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में हुए सूर्या हत्याकांड के बाद मुख्‍य आरोपी असद के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इसे शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो सूर्या हत्याकांड के बाद आरोपी असद का है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो दिल्ली के शालीमार बाग में हुए हत्याकांड से संबंधित है। अप्रैल 2026 में हुए इस हत्याकांड के बाद आरोपी ने यह वीडियो बनाया था। इसका सूर्या मामले से कोई संबंध नहीं है। बता दें कि सूर्या हत्याकांड के मामले में मुख्‍य आरोपी असद की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Satish Khalko’ ने 31 मई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अशद यह है भारत का डरा हुआ मुस्लिम यह मर्डर करने के बाद वीडियो डाल रहे है। कहा तुम्हारे भाई ने कांड कर दिया सब लोग प्यार देना। और सुबह सुबह प्यार दे दिया… असद का अस्तगफिरूल्लाह कर दिया यूपी पुल्स ने।”

Surya Murder Case Accused Video of Asad ia fake

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया तो हमें ‘दैनिक भास्कर’ के यूट्यूब चैनल पर 4 अप्रैल 2026 को अपलोड किए गए वायरल वीडियो का लिं​क मिला। इसके अनुसार, दिल्ली के शालीमार बाग में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। वारदात के बाद यह वीडियो वायरल हुआ था।

‘एनडीटीवी’ के यूट्यूब चैनल पर भी 3 अप्रैल 2026 को इस वीडियो से संबंधित न्यूज अपलोड किया गया था। इसके अनुसार, करण कुमार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से वीडियो पोस्ट कर कहा कि उसने किसी की हत्या कर दी है।

‘इंडिया टुडे’ की वेबसाइट पर 4 अप्रैल 2026 को इससे संबंधित रिपोर्ट छपी है। इसके अनुसार, दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में एक नाबालिग समेत तीन लोगों ने युवक नितेश की मामूली विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी। करण ने युवक पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद मुख्य आरोपी करण ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि उसने एक व्यक्ति की हत्या कर दी है और वह कुछ दिन के लिए जेल जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक नाबालिग है, जबकि दो के नाम करण और मोंटी हैं।

 Viral Video Is Not of Asad in Ghaziabad Surya Murder Case Linked to Delhi Incident

क्या है संदर्भ?

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 28 मई 2026 को सूर्या प्रताप चौहान की असद, उसके पिता नवाब, फरहान, आतिफ, सारिफ और अन्य लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में यूपी पुलिस ने 30-31 मई की रात असद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी नवाब, फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर लिया है। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

इस बारे में हमने गाजियाबाद ट्रांस हिंडन एरिया में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर राहुल कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि असद का ऐसा कोई वीडियो सामने नहीं आया है। पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया था।

दिल्ली के हत्याकांड से संबंधित वीडियो को सूर्या हत्‍याकांड मामले से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। कटिहार के रहने वाले यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं और उनके करीब 5600 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: दिल्ली में अप्रैल 2026 में हुए हत्याकांड से संबंधित वीडियो को सूर्या मर्डर केस के आरोपी असद का बताकर वायरल किया जा रहा है। इसका सूर्या हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है।

The post Fact Check: गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का नहीं, दिल्ली में हुए मामले से संबंधित है यह वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments