नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में सैलरी बढ़ाने को लेकर हुए कर्मचारियों के बवाल के बाद सोशल मीडिया पर इससे जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक कंपनी में लगी आग दिख रही है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो श्रमिकों द्वारा नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में आग लगाने का है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो हरियाणा के सोनीपत स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने का है। इसका नोएडा या यहां हुए किसी प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Suraj Verma’ ने 15 अप्रैल 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “नोएडा उत्तर प्रदेश, सेक्टर 63 के हालात कंपनी में आग लगा दी, जब तक सैलरी नहीं बढ़ेगी तब तक यही हाल होगा कंपनियों का 13/4/2026।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘@KrishanTheAdventure’ पर 11 अप्रैल 2026 को एक वीडियो को अपलोड कर इसे हरियाणा के पानीपत में हुए हादसे का बताया गया।
सर्च में हमें आग लगने की इस घटना से संबंधित खबर ‘पंजाब केसरी’ के यूट्यूब चैनल पर 3 अप्रैल 2026 को अपलोड हुई मिली। इसमें हादसे का वीडियो देखा जा सकता है, जिसमें वायरल वीडियो से मिलती-जुलती इमारत भी दिख रही है। खबर के अनुसार, वीडियो सोनीपत के कुंडली इंडस्ट्रियल क्षेत्र का है। वहां कूलर, पंखे और जूसर मिक्सर बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई थी।
इंस्टाग्राम यूजर ‘superharyananews‘ के अकाउंट पर 3 अप्रैल 2026 को इस हादसे से संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है।

इन खबरों में हादसे वाली कंपनी का नाम ‘Elpar Industries’ लिखा हुआ है। इस आधार पर हमने कंपनी को गूगल मैप पर सर्च किया तो यह सोनीपत की कंपनी निकली।

गूगल मैप और यूट्यूब चैनल ‘@KrishanTheAdventure’ पर मौजूद वीडियो के स्क्रीनशॉट में समानता देखी जा सकती है।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण नोएडा के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चंदेल से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो नोएडा का नहीं है। इस तरह के कई वीडियो नोएडा का बताकर वायरल किए जा रहे हैं। पुलिस ऐसे सोशल मीडिया यूजर्स पर नजर रखे हुए है।
क्या है संदर्भ?
‘आजतक’ की वेबसाइट पर 15 अप्रैल 2026 को छपी खबर के अनुसार, “नोएडा में सैलरी बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों ने बवाल कर दिया था। इस दौरान कई जगह तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी। इसके बाद श्रमिकों के नए वेतनमान का एलान हुआ था। इसके अनुसार, अब अकुशल श्रमिकों को 13,690 रुपये, अर्धकुशल को 15,059 रुपये और कुशल को 16,868 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।”
नोएडा प्रदर्शन से जुड़ी अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। 23 मार्च 2023 को बने इस फेसबुक अकाउंट के करीब एक हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: हरियाणा के सोनीपत स्थित कंपनी में अप्रैल 2026 की शुरुआत में आग लग गई थी। उस हादसे का वीडियो अब नोएडा प्रदर्शन में आगजनी का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: इमारत में आग लगने का यह वीडियो हरियाणा के सोनीपत का है, नोएडा प्रदर्शन का नहीं appeared first on Vishvas News.
0 Comments