What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: पाकिस्तानी यूजर्स ने वायरल की सलमान आगा के सूर्यकुमार यादव को अनदेखा करने की फेक तस्वीर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। टी20 विश्‍व कप 2026 में भारत ने 15 फरवरी को पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। इस मैच के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा की एक तस्वीर शेयर की गई। इसे लेकर दावा किया जा रहा है कि सूर्यकुमार ने अभिवादन के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन सलमान आगा ने उन्हें अनदेखा कर दिया।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल तस्वीर एआई जेनरेटेड है। इस हाईप्रोफाइल मैच में भी सूर्यकुमार ने पाक कप्तान से न तो हाथ मिलाया था और न ही इसके लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया था। बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद एशिया कप में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाक खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Cricke Updat’ ने 16 फरवरी 2026 को तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है,
Agha be like hum bhikaariyon se hath nahi milate. Btw Agha ko aisa nahi karna chaiye tha!” (आगा सोच रहे होंगे…हम भिखारियों से हाथ नहीं मिलाते। हालांकि, आगा को ऐसा नहीं करना चाहिए था।)

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वायरल तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल सर्च किया, तो पता चला कि मैच के दौरान सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से न तो हाथ मिलाया था और न ही अपना हाथ आगे बढ़ाया था।

इंडिया टीवी की वेबसाइट पर 15 फरवरी को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 वर्ल्ड कप में 9वीं बार आमने-सामने आई हैं। इस मैच में भी टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार ने ‘नो हैंडशेक पॉलिसी’ को जारी रखा है। उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। टॉस के समय सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली को अनदेखा कर दिया। टॉस के बाद दोनों कप्तान टॉस प्रेजेंटर से बातचीत करके डगआउट की तरफ चले गए।”

स्टार स्पोर्ट्स के एक्स हैंडल पर 15 फरवरी को टॉस के वक्त की वीडियो क्लिप अपलोड की गई थी। इसमें देखा जा सकता है कि टॉस के बाद सूर्यकुमार, सलमान अली से बिना हाथ मिलाए चले गए थे।

मैच से पहले दैनिक जागरण की 15 फरवरी की रिपोर्ट के अनुसार, “भारत पाक मैच में सूर्यकुमार सलमान अली से हाथ नहीं मिलाएंगे। बता दें कि 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए एशिया कप के दौरान नो हैंडशेक मामला सामने आया था। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था। एशिया कप में भारत-पाक के बीच भिड़ंत तीन बार हुई, लेकिन नो हैंडशेक पॉलिसी जारी रही। इसके बाद नो हैंडशेक को जूनियर टीम ने भी फॉलो किया।”

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

आईसीसी क्रिकेट की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी को कोलंबो में हुए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से शिकस्त दी । इसमें 40 गेंदों पर 77 रन बनाने वाले ईशान किशन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को ध्यान से देखा तो इसमें लगे लोगो और आईसीसी की वेबसाइट पर मौजूद लोगो में अंतर दिखा। कोलाज में इस अंतर को देखा जा सकता है।

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

इससे तस्वीर के एआई निर्मित होने का हमें संदेह हुआ। हमने गूगल डीपमाइंड के Synth ID टूल का इस्‍तेमाल किया। इससे पता चला कि यह तस्‍वीर एआई की मदद से बनाई गई है।

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

ट्रुथ स्कैन ने भी वायरल तस्वीर के 97 फीसदी एआई निर्मित होने की संभावना जताई।

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

कुछ अन्य यूजर्स ने इसी दावे के साथ इस तस्वीर को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है, जिसमें गूगल जेमिनी एआई के लोगो को देखा जा सकता है।

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

यूजर की प्रोफाइल पर पहली लोकेशन पाकिस्तान दी गई है।

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

इस बारे में हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस मैच के दौरान वायरल दावे जैसा कुछ नहीं हुआ था। न तो सूर्यकुमार ने सलमान आगा से हाथ मिलाया था और न ही इसके लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया था।

अंत में हमने वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को चेक किया तो पता चला कि 6 सितंबर 2017 को बनी इस प्रोफाइल के बैनर इमेज पर ‘क्रिकेट पाकिस्तान’ लिखा हुआ है।

India Pakistan Match T20 World Cup 2026 Hanshake News

निष्कर्ष: टी20 वर्ल्ड कप मैच के दौरान सलमान अली के सूर्यकुमार को अनदेखा करने के दावे से एआई निर्मित फेक तस्वीर वायरल हो रही है। इस मैच में सूर्यकुमार ने न तो पाक कप्तान से हाथ मिलाया था और न ही इसके लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया था।

The post Fact Check: पाकिस्तानी यूजर्स ने वायरल की सलमान आगा के सूर्यकुमार यादव को अनदेखा करने की फेक तस्वीर appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments