What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: सोमालिया में रनवे से फिसले विमान की तस्‍वीर कोलकाता के नाम पर वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक विमान दुर्घटना की तस्‍वीर को इन दिनों तेजी से वायरल किया जा रहा है। इस पोस्ट के माध्यम से दावा किया जा रहा है कि कोलकाता से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुई ‘मस्तूरत की जमात’ (मुस्लिम महिलाओं का एक धार्मिक समूह) का विमान समुद्र में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि विमान में सवार सभी 55 यात्री सुरक्षित बच गए और किसी को एक खरोंच तक नहीं आई।

विश्वास न्यूज की विस्तृत जांच में यह दावा भ्रामक साबित हुआ। वायरल फोटो और संबंधित घटना का न तो कोलकाता से कोई संबंध है और न ही इसमें किसी ‘जमात’ के शामिल होने की पुष्टि हुई है। असल में यह घटना फरवरी 2026 में सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में हुई थी, जहां एक यात्री विमान तकनीकी खराबी के कारण रनवे से फिसलकर समुद्र के तट पर जा गिरा था।

सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Itz Tasif An’ ने 16 फरवरी 2026 को एक तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, “अल्लाहमदुलिल्लाह कोलकाता से मस्तूरत की जमात जा रही थी 55 साथी सब अल्लाह ताआला के रास्ते में जा रहे दक्षिण अफ्रीका के सोमालिया जो रस्ते में विमान दुर्घटना हो गया और जहाज पूरा पानी में गिर गया लेकिन एक बंदे को भी खराश नहीं आया तो ये हमारा यकीन है जो अल्लाह के रास्ते में निकलेगा अल्लाह उनकी हिफाजत फरमाता है।”

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने इस दावे की सत्यता जानने के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। सबसे पहले, हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स जैसे ‘Kolkata plane crash masturat jamaat, ‘Plane crash Kolkata to South Africa’ और ‘Kolkata airport flight accident 2026’ के माध्यम से खोज की। यदि कोलकाता जैसे बड़े शहर से 55 यात्रियों को ले जाने वाला कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त होता, तो यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की मुख्य सुर्खियों में होता। हालांकि, हमें भारतीय मीडिया या नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की वेबसाइट पर ऐसी किसी दुर्घटना की कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद हमने वायरल कीफ्रेम्स को ‘रिवर्स इमेज सर्च’ टूल का उपयोग किया। सर्च के दौरान हमें AP News, Times Now, और India TV जैसी मीडिया संस्थानों की खबरें मिलीं, जो 11 फरवरी 2026 को प्रकाशित की गई थीं। इन रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 11 फरवरी 2026 की है, जब सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में स्थित ‘अदन अद्दे इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ (Aden Adde International Airport) पर लैंडिंग के दौरान स्टार्सकी एविएशन (Starsky Aviation) का एक विमान रनवे से फिसलकर हिंद महासागर के किनारे उथले पानी में जा गिरा था।

अंतरराष्ट्रीय खबरों के मुताबिक, विमान के ‘लैंडिंग गियर’ में खराबी आने के कारण पायलट को आपातकालीन स्थिति में विमान को रनवे के बजाय किनारे पर उतारना पड़ा। विमान में चालक दल सहित लगभग 50 से 55 लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि विमान गहरे पानी में नहीं डूबा, जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह एक नियमित घरेलू कमर्शियल फ्लाइट थी, न कि कोलकाता से गई कोई विशेष धार्मिक जमात।

दावे की और अधिक पुष्टि के लिए, विश्वास न्यूज ने कोलकाता में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ जेके बाजपेयी से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोलकाता में हाल के दिनों में किसी भी अंतरराष्ट्रीय या घरेलू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की कोई सूचना नहीं है। वायरल दावा पूरी तरह से निराधार है।

वायरल दावे को शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘Itz Tasif An’ के 1200 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: सोमालिया में रनवे से फिसले विमान की तस्‍वीर कोलकाता के नाम पर वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments