नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को एक मेट्रो स्टेशन पर एक लड़के और लड़की की शादी से पहले होने वाली रसम ‘रोका’ करते देखा जा सकता है। वीडियो को असली समझ कई लोग शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। असल में यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
इंस्टाग्राम यूजर chauthakhambaofficial ने 7 फरवरी, 2026 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “मां ने मेट्रो स्टेशन पर ही कराया बेटे का उसकी गर्लफ्रेंड के साथ रोका।”

पड़ताल
दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस के जरिए रिवर्स इमेज सर्च किया।
हमें यह वीडियो सबसे पहले 5 फरवरी, 2026 को ‘chalte_phirte098′ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो में इसके स्क्रिप्टेड होने का कोई डिस्क्लेमर नहीं है। यह प्रोफाइल आरव मावी नाम के व्यक्ति का है, जो एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। उनके पेज पर रिश्तों और ब्रेकअप से जुड़े कई अन्य वीडियो भी मौजूद हैं, जो स्क्रिप्टेड लगते हैं।

16 दिसंबर, 2025 के एक पुराने वीडियो में आरव ने खुद बताया है कि उनके वीडियो लोगों द्वारा साझा की गई सच्ची घटनाओं पर आधारित तो होते हैं, लेकिन वे प्रोफेशनल कलाकारों द्वारा फिल्माए गए होते हैं। हालिया इनके किसी भी स्क्रिप्टेड वीडियो में हमें कोई डिस्क्लेमर नहीं मिला, जिससे ये साफ हो सके कि ये स्क्रिप्टेड हैं।

विश्वास न्यूज ने आरव मावी से संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि मेट्रो वाला यह वीडियो भी स्क्रिप्टेड है।
आरव के पेज पर साझा किया गया एक पुराना वीडियो भी काफी वायरल हुआ था जिसमें एक दुल्हन को फेरों से पहले अपने पूर्व प्रेमी से मिलते दिखाया गया था, इस वीडियो को भी लोग असली समझ बैठे थे। उस समय विश्वास न्यूज़ ने उस वीडियो की भी जांच की थी, जिसे यहां पढ़ा जा सकता है।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर chauthakhambaofficial को इंस्टाग्राम पर 66000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: मेट्रो स्टेशन पर शादी से पहले की रस्म करने का वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड है appeared first on Vishvas News.
0 Comments