नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव लोन डिफॉल्ट और चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसी से जोड़ते हुए शाहरुख खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किंग खान यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि वो जेल से बाहर आने में राजपाल यादव की मदद करेंगे। साथ ही वे अपनी आने वाली एक फिल्म में उन्हें रोल भी देंगे।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। यह एक डीपफेक वीडियो है। एआई की मदद से वीडियो के ऑडियो को बदल दिया गया है। असली वीडियो में शाहरुख खान अपनी जिंदगी और अनुभव के बारे में बात कर रहे हैं। हालांकि, बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने सामने आकर राजपाल यादव की मदद करने की बात कही है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘ayubeditz’ ने 11 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “राजपाल यादव भाई, हिम्मत रखो हम सब आपके साथ हैं — Shahrukh Khan.”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
हमने शाहरुख खान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘Locarno Film Festival’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 11 अगस्त 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, शाहरुख खान ने लोकार्नो फिल्म महोत्सव के आर्टिस्टिक डायरेक्टर, जियोना ए. नाज़ारो के साथ अपने जीवन और करियर के अनुभव को साझा किया। ऐसे में हमें वायरल वीडियो के एआई की मदद से एडिट किए जाने का संदेह हुआ।
दोनों वीडियो के बीच का अंतर नीचे देखा जा सकता है।

वीडियो में मौजूद आवाज की सच्चाई जानने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली। हमने सबसे पहले aurugin.ai पर ऑडियो को सर्च किया। टूल ने 83 फीसदी तक ऑडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने इनविड टूल के जरिए हिया टूल की मदद से भी ऑडियो को सर्च किया। इस टूल ने भी 80 फीसदी तक ऑडियो के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत बताया है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 12 फरवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “नौ करोड़ के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता एवं मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड स्टार सलमान खान, अजय देवगन, फिल्म निर्माता डेविड धवन और उनके अभिनेता-पुत्र वरुण धवन समेत कई हस्तियों ने और हाथ बढ़ाए हैं। उधर, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (एफडब्ल्यूआइसीई) ने भी फिल्म और टीवी उद्योग से जुड़े लोगों से अपील की है कि जीवन के इस कठिन दौर में वह अभिनेता की मदद करें। अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह, तेज प्रताप यादव समेत कई लोग उनकी मदद को आगे आए थे।”

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 12 फरवरी 2026 को प्रकाशित न्यूज के मुताबिक, “राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने कहा कि अब तक कोई पैसे नहीं मिले है। उन्होंने कहा, ‘अगर लोगों ने मदद की है तो बताएं पैसा कहां दिया गया। जो व्यक्ति राजपाल का अकाउंट संभालते हैं, उन्होंने भी किसी आर्थिक सहायता के आने की पुष्टि नहीं की है’। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी ने मदद की है तो पैसा कहां दिया गया? किसे दिया गया? परिवार को इस बारे में जानकारी क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर सच में किसी ने सहायता की है तो परिवार उनका आभारी रहेगा। सेलेब्स के रिएक्शन पर उन्होंने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर बयानबाजी हो रही है और अगर ऐसा है तो यह गलत है।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर के इंस्टाग्राम अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को एक लाख 70 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में शाहरुख खान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फर्जी साबित हुआ। यह एक डीपफेक वीडियो है। एआई की मदद से वीडियो के ऑडियो को बदल दिया गया है। असली वीडियो में शाहरुख खान अपनी जिंदगी और अनुभव के बारे में बात कर रहे हैं।
The post Fact Check: राजपाल यादव को सपोर्ट करते शाहरुख खान का वायरल वीडियो एआई निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments