नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दल टिकट का वितरण शुरू कर चुके हैं, कुछ सीटों को लेकर जल्द ही अंतिम फैसला होना है। इसी बीच राज्य में नेताओं के दौरे भी बढ़ गए हैं। इसी से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का एक कथित बयान खूब वायरल हो रहा है।
पीएम मोदी और राहुल गांधी की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए दावा किया जा रहा है कि उन दोनों ने बिहार के प्रत्येक विधवा महिलाओं के पति को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। हमने अपनी पड़ताल में दावे को फेक पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी ने बिहार चुनाव को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया।
क्या हो रहा है वायरल
Amh Nishad नाम के एक फेसबुक यूजर ने 10 अक्टूबर को एक ग्रुप में पीएम मोदी के फर्जी बयान को पोस्ट किया। इस बयान में पीएम मोदी की तस्वीर के साथ लिखा गया, “हम बिहार के प्रत्येक विधवा महिलाओं के पति को सरकारी नौकरी देंगे।”
इसी तरह से यही बयान राहुल गांधी के नाम पर एक इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड किया गया। डॉक्टर सुंमत नाम के यूजर ने 15 अक्टूबर को इसे पोस्ट किया।
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पीएम मोदी और राहुल गांधी के नाम पर वायरल बयान की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। संबंधित बयान को यहां सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल बयान की सत्यता की पुष्टि कर सके।
सर्च के दौरान हमें नरेंद्र मोदी के यूट्यूब चैनल पर पीएम का एक भाषण मिला। 5 अक्टूबर 2025 के इस वीडियो में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महिला रोजगार योजना के बारे में विस्तार से बोलते हुए देखा जा सकता है। पीएम मोदी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को 10 हजार रुपये भेजे गए हैं। पूरे भाषण में हमें वायरल बयान वाला कोई हिस्सा नहीं मिला।
पड़ताल के दौरान भास्कर डॉट कॉम पर एक खबर मिली। इस खबर में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में वर्चुअली ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। 75 लाख महिलाओं के खातों में प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन 10-10 हजार की राशि ट्रांसफर की।

गूगल सर्च करने पर हमें राहुल गांधी के नाम पर भी यह बयान कहीं नहीं मिला। यदि उन्होंने यह बयान दिया होता तो जरूर कहीं न कहीं मीडिया की सुर्खियों में जरूर आता।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान अपने सहयोगी दैनिक जागरण, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने इसे पूरी तरह फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी या राहुल गांधी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि उनके नाम पर वायरल किया जा रहा है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में विधवा महिलाओं के पति को सरकारी नौकरी देने के नाम पर वायरल बयान फर्जी साबित हुआ। ऐसा कोई भी बयान पीएम मोदी या राहुल गांधी ने नहीं दिया है।
The post Fact Check : बिहार चुनाव के बीच पीएम मोदी और राहुल गांधी के नाम पर फर्जी बयान वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments