नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता एवं बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको यह कहते हुए दिखाया गया है कि उन्हें बस कुर्सी की फिक्र है, जनता की नहीं। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर तेजस्वी यादव पर निशाना साध रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो अधूरा है। दरअसल, तेजस्वी यादव ने यह बयान केंद्रीय मंत्री एवं हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) प्रमुख जीतन राम मांझी और केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए दिया था। उस वीडियो के एक हिस्से को वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘सुजीत कुमार श्रीवास्तव’ ने 15 अक्टूबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “बस कुर्सी चाहिए … मे जाए जनता यही लालू प्रसाद यादव की सोच थी लो जी इसने तो दे दी नौकरी अब लो जनता को ही … में भेज रहे हैं बतलाइये ई कुल घर परिवार वाले मिलकर जनता को कहा भेज रहे हैं..“।
वीडियो में तेजस्वी कहते दिख रहे हैं, “बस कुर्सी चाहिए, … में जाए जनता“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर peoplenews97 ने 7 सितंबर को वायरल क्लिप के बड़े वर्जन को अपलोड किया गया है। इसमें तेजस्वी यादव मीडिया के सवालों के जवाब देते दिख रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि जब एक पत्रकार ने तेजस्वी से जीतन राम मांझी और चिराग पासवान को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, “न बेरोजगारी से मतलब, न महंगाई से मतलब, न कारखानों से मतलब। केंद्र में दोनों मंत्री हैं न, दोनों मंत्रियों का काम बता दीजिए, जो बिहार के लिए किया हो, इन लोगों… सत्ता के भूखे लोग हैं, बस कुर्सी चाहिए, … में जाए जनता। इनकी यह सोच है।” वीडियो पर जगह का नाम पटना दिया गया है।

फेसबुक पेज Darsh News पर भी 7 सितंबर को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है। इसमें भी बताया गया है कि तेजस्वी ने मांझी और पासवान पर निशाना साधते हुए कहा है कि इनको केवल कुर्सी से मतलब है, जनता से नहीं।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर भी 7 सितंबर को छपी खबर में इस बारे में पढ़ा जा सकता है।

इस बारे में हमने राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने इसे एडिटेड और फेक बताया।
पीआईबी की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, बिहार में 243 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। 14 नवंबर को मतगणना होगी।
एडिटेड वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर जौनपुर के रहने वाले हैं और एक विचारधारा से प्रभावित हैं।
बिहार चुनाव से संबंधित अन्य रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
The post Fact Check: चिराग पासवान और जीतन राम मांझी पर निशाना साधते तेजस्वी यादव का अधूरा वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments