What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: T20 वर्ल्ड कप की जीत के जश्न के वीडियो को पश्चिम बंगाल में BJP की जीत के नाम पर किया गया वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को हराकर पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रही है। इसी बीच राज्य में जश्न से लेकर हिंसा तक की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर कई प्रकार के फर्जी और भ्रामक वीडियो व तस्वीरों के जरिए झूठ भी फैलाया जा रहा है।

अब सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स 17 सेकंड का एक वीडियो शेयर करते हुए इसे बंगाल में भाजपा की जीत के जश्न का बताकर वायरल कर रहे हैं। वीडियो में लोगों को तिरंगा और भगवा झंडा लहराते हुए जश्न मनाते देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में लोग बंगाल में राजनीतिक बदलाव का जश्न मना रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। हमनें दावा फर्जी पाया। वायरल हो रहा वीडियो बंगाल का नहीं है। यह यूपी के प्रयागराज का है। मार्च में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत हुई थी। उसी का जश्न मनाते युवाओं के वीडियो को अब बंगाल के नाम पर वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल?

एक्स यूजर ‘अशोक श्रीवास्तव’ ने 6 मई 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “यह वीडियो बहुत कुछ कहता है। पश्चिम बंगाल के लोग सत्ता परिवर्तन और टीएमसी, ममता बनर्जी की विदाई का जश्न मना रहे हैं। किसी के हाथ में जीतने वाली पार्टी भाजपा का झंडा नहीं। लोगों के हाथों में या तो तिरंगा है, या भगवा पताका।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की शुरुआत गूगल लेंस टूल से की। वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए और फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। यह वीडियो हमें बंगाल के नाम पर कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर मिला। सबसे पुराना वीडियो हमें ‘स्ट्रीटस ऑफ संगम’ नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। इसे 8 मार्च 2026 को अपलोड करते हुए प्रयागराज के जश्न का बताया गया। साथ में हैशटैग में वर्ल्डकप, लोकनाथ लिखा गया। वायरल वीडियो और पुराने वीडियो में हमें कई समानताएं नजर आईं। इसे नीचे देखा जा सकता है। वायरल वीडियो से मिलते जुलते कई वीडियो हमें यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी मिले।

‘मिनी सिंह’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर हमें प्रयागराज के जश्न का लंबा वीडियो मिला। इसमें बताया गया कि भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रयागराज के लोकनाथ में जश्न मनाया गया। इस वीडियो को पूरा देखने से यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो प्रयागराज का ही है। इसमें भी कई समानताएं नजर आईं। पूरे वीडियो को विस्तार से नीचे देखा जा सकता है। इसे 9 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था।

https://youtu.be/PapyYJCsyY8?si=_Z_BFBIP2pPIcylX

वायरल और असली वीडियो में हमें एक दुकान के ऊपर Suman Ornaments लिखा नजर आया। ‘गूगल स्ट्रीट व्यू’ टूल का इस्तेमाल करते हुए प्रयागराज के बाबा लोकनाथ द्वार पर इस दुकान को सर्च किया गया। यह दुकान हमें लोकनाथ द्वार के पास नजर आई। इसे नीचे देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने जांच के अगले चरण में प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी श्याम मिश्रा से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो प्रयागराज के लोकनाथ इलाके का है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद यह जश्न हुआ था।

पश्चिम बंगाल में 4 मई 2026 को जैसे-जैसे मतदान के नतीजों के रुझान सामने आना शुरू हुए, भाजपा के कार्यकर्ता जश्न मनाने के लिए सड़क पर उतर आए। देश के कई हिस्सों से ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आईं, जिनमें कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक को जश्न मनाते हुए देखा गया।

क्या है संदर्भ?

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार (4 मई 2026) को आ गए। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुए थे। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा और पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनना लगभग तय है। वहीं, केरल में यूडीएफ (कांग्रेस, मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस) को बहुमत मिल गया है, जबकि तमिलनाडु में एक्टर विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) की सरकार बन सकती है।

जांच के अंत में एक्स यूजर के हैंडल को स्कैन किया गया। यूजर को तीन लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। पेशे से पत्रकार यह यूजर एक्स पर अप्रैल 2012 से सक्रिय हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। बंगाल में भाजपा की जीत के जश्न के नाम पर यूपी के प्रयागराज के वीडियो को वायरल किया गया। यह वीडियो मार्च 2026 का है, जब टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इस जीत को लेकर प्रयागराज के लोकनाथ पर युवाओं ने जश्न मनाया था। उसी वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

The post Fact Check: T20 वर्ल्ड कप की जीत के जश्न के वीडियो को पश्चिम बंगाल में BJP की जीत के नाम पर किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments