नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच से जोड़कर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में पाकिस्तान की टीम की कप्तान फातिमा सना को भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के पैर छूते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि मैच हारने के बाद फातिमा सना ने स्मृति मंधाना के पैर छूए थे।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Rishra T V’ ने 6 अक्टूबर वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “विश्व कप में भारत से हार के बाद स्मृति मंधाना के पैर छूतीं पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना। तस्वीर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा कुछ हुआ होता, तो मीडिया में जरूर आता।
इसके बाद स्मृति मंधाना और फातिमा सना के आधिकारिक इंस्टा हैंडल को हमने स्कैन किया। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली। तस्वीर को गौर से देखने पर हमने पाया कि स्मृति मंधाना के हाथ की बनावट काफी अजीब है। उन्होंने जो भारतीय टीम की जर्सी पहनी है, वो भी असली से काफी अलग है। ऐसे में हमें फोटो के एआई निर्मित होने का संदेह हुआ।


पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल की मदद से फोटो को सर्च किया। सबसे पहले हमने साइट इंजन टूल का इस्तेमाल किया और फोटो को सर्च किया। इस टूल ने 99 फीसदी तक तस्वीर के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

इसी तरह हमने एक अन्य टूल की मदद से फोटो के बारे में सर्च किया। दूसरे टूल हाइव मॉडरेशन टूल पर फोटो को अपलोड किया। टूल ने तस्वीर को स्कैन करते हुए इसके एआई से बने होने की संभावना 89 फीसदी तक जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत बताया है।
आजतक की वेबसाइट पर 6 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारत पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को क्रिकेट के मैदान पर भी लगातार परास्त कर रहा है। अब आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 88 रनों से धो दिया। 5 अक्टूबर (रविवार) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 248 रनों का टारगेट सेट किया था। ये टारगेट पाकिस्तानियों के लिए पहाड़ सरीखा साबित हुआ। पाकिस्तान की पूरी टीम 43 ओवरों में 159 रनों पर ही ढेर हो गई।”
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 61 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि फातिमा सना के स्मृति मंधाना के पैर छूने की तस्वीर एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
The post Fact Check: पाक टीम की कप्तान सना ने नहीं छुए भारतीय खिलाड़ी मंधाना के पैर, वायरल तस्वीर एआई appeared first on Vishvas News.
0 Comments