What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: धान काटने वाली यह ‘अनोखी मशीन’ चीन का आविष्कार नहीं, बल्कि AI की कलाकारी है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ऐसी मशीन दिखाई गई है, जो धान काटती है, कटी हुई फसल को अपने आप उतार देती है  और यहाँ तक कि एक व्यक्ति उस पर खाना पकाता भी दिखाई दे रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह एक चीनी आविष्कार है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो किसी असली मशीन का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है।  

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Anil Dineshwer Journalist’ ने 11 अक्टूबर 2025 को वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “चाइना के लोगों के दिमाग से मैं हैरान हूं, मैं खुशी मनाऊं या अपने कमी का अफसोस जताऊं ऐसे जुगाड़ी तो भारत में भी होंगे। अब तक हमने धान काटने वाली मशीन ही देखी थी? अब तक उड़ने वाली मशीन नहीं देखी थी और उसमें खाना भी बनाते हुए नही देखा था।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में मौजूद व्यक्ति के चेहरों की बनावट वीडियो में बदल रही है। ऐसे में हमें वीडियो के एआई की मदद से बने होने का संदेह हुआ।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने इस क्लिप को एआई जेनरेटेड वीडियो की जांच करने वाले टूल हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किया। इसमें वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत निकली।

एक दूसरे टूल matrix.tencent ने भी वीडियो को एआई जेनरेटेड बताया। टूल ने 84 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने वीडियो को लेकर एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने बताया, यह वीडियो एआई निर्मित है, इसमें साफ तौर पर बहुत-सी कमियां नजर आ रही है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर Anil Dineshwer Journalist (अनिल दिनेश्वर जर्नलिस्ट)  को 6 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: धान काटने वाली यह ‘अनोखी मशीन’ चीन का आविष्कार नहीं, बल्कि AI की कलाकारी है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments