What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: तेजस्वी यादव के घोड़े से गिरने का वीडियो एआई निर्मित

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बिहार चुनाव से पहले लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो घोड़े पर सवार होते हैं, लेकिन घोड़ा उनको नीचे गिरा देता है। यूजर्स इसे असली वीडियो समझकर तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो को एआई की मदद से एडिट किया गया है। असली वीडियो में तेजस्वी यादव घोड़े पर बैठते हैं और चले जाते हैं। लेकिन बैठने के बाद के वीडियो को एडिट कर दिया गया और दुष्प्रचार की मंशा से वहां पर एआई से बने वीडियो को जोड़ दिया गया है।

क्या हो रहा है वायरल?

थ्रेड यूजर ‘chandradevendra’ ने 19 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “लालू यादव के द्वारा चारा खाने पे नाराज़ घोड़ा…लालू के बेटा को उठाके पटक दिया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने तेजस्वी यादव के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगलाना शुरू किया। हमें असली वीडियो उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 18 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, हर वादा पूरा करेंगे, ये वादा है। बिहार अधिकार यात्रा, मोकामा। असली वीडियो में तेजस्वी यादव घोड़े पर सवार होते हैं और फिर उसे चलते हुए आगे लेकर चले जाते हैं। 24 सेकंड के वीडियो में वो कहीं पर भी गिरते हुए नजर नहीं आते हैं।

https://twitter.com/TejashwiOffice/status/1968527521093402707

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें तेजस्वी यादव के घोड़े से गिरने की कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हालांकि, हमें घोड़े पर सवार होकर यात्रा निकालने की कई न्यूज रिपोर्ट जरूर मिली। हमें असली वीडियो दूसरे एंगल से शूट किये हुए भी मिले।  

वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि जब घोड़ा बेकाबू होकर तेजस्वी यादव को गिराता है,वो असली नहीं लगता है। जब तेजस्वी यादव घोड़े से गिरते हैं तो घोड़ी की काठी गायब हो जाती है। गिरने पर शख्स का चेहरा भी बदल जाता है। ऐसे में हमें वीडियो के इस पार्ट के एआई से बने होने का संदेह हुआ। 

हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें एआई डिटेक्शन टूल की मदद से सर्च किया। हमने कीफ्रेम को ‘एआई ऑर नॉट’ की वेबसाइट पर जाकर सर्च किया। टूल ने फोटो को डीपफेक और एआई के मदद से बने होने की संभावना जताई। 

हमने ‘decopy’ पर जाकर भी कीफ्रेम को सर्च किया। इस टूल ने कीफ्रेम के 100 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावना जताई। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो एडिटेड है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि घोड़े से तेजस्वी यादव के गिरने का वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो को एआई की मदद से एडिट किया गया है। असली वीडियो में तेजस्वी यादव घोड़े पर बैठते हैं और चले जाते हैं। लेकिन बैठने के बाद के वीडियो को एडिट कर दिया गया और दुष्प्रचार की मंशा से वहां पर एआई से बने वीडियो को जोड़ दिया गया है।

The post Fact Check: तेजस्वी यादव के घोड़े से गिरने का वीडियो एआई निर्मित appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments