नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक महिला पर अत्याचार करते शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में शख्स को बेरहमी से महिला को मारते हुए देखा जा सकता है। इसको शेयर कर दावा किया जा रहा है कि महिला पर अत्याचार करने वाला शख्स हिंदू हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। पीड़ित और आरोपी दोनों ही मुस्लिम समाज से है। आरोपी पति लगातार दहेज की मांग कर रहा था। पत्नी के मना करने पर उसने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पत्नी के घरवालों ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर कमलदीप कमल ने 12 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हिन्दू धर्म में महिलाओं को देवी कहा जाता है और उन्हीं #देवियों के साथ अत्याचार भी यही लोग करते है! ये वही लोग है जो कहते हैं कि हिजाब में ल़डकियों की आजादी छीन ली जाती है!!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट IndiaTV Crime Alert के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 8 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “यह घटना जम्मू-कश्मीर के उधमपुर की है। शख्स दहेज की मांग पूरी न करने पर महिला को बेरहमी से पीट रहा था।”
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट न्यूज 18 की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 7 अगस्त 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक महिला के साथ उसके पति ने दहेज के लिए बेरहमी से मारपीट की। आरोपी पति का नाम आजम अली है और वो लगातार 10 लाख रुपये और कार की मांग कर रहा था। लेकिन महिला के इनकार करने पर उसने उसे पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। फिर उसे इलाज के लिए उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) ले जाया गया। महिला के परिवार वालों ने आरोपी पति के खिलाफ रेहंबल पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।”

रिपब्लिक भारत की वेबसाइट पर 7 अगस्त 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ही पति-पत्नी मुस्लिम समाज से हैं।
अधिक जानकारी के लिए हमने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिला के रेहंबल पुलिस थाने के एसएचओ पूरब सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि पीड़ित और आरोपी मुस्लिम समुदाय से हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब नौ हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला को बेरहमी से पीटते शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। पीड़ित और आरोपी दोनों ही मुस्लिम समाज से है। आरोपी पति लगातार दहेज की मांग कर रहा था। पत्नी के मना करने पर उसने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पत्नी के घरवालों ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
The post Fact Check: महिला पर दहेज के लिए अत्याचार करते शख्स का वीडियो सांप्रदायिक दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments