What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : प्रयागराज में बाढ़ के नाम पर AI निर्मित वीडियो वायरल

नई दिल्ली (Vishvas News)। नदियों के किनारे बसे शहरों व गांवों में बाढ़ का कहर जारी है। इसी से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह यूपी के प्रयागराज का है। बाढ़ के कारण लोग शहर छोड़कर भाग गए।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। प्रयागराज में हर साल मानसून में बाढ़ आती है, लेकिन वायरल वीडियो वहां का नहीं है। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। एआई निर्मित वीडियो को प्रयागराज का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम हैंडल laddo_up_62 ने सात अगस्‍त को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया कि प्रयागराज में बाढ़ आने से मचा हड़कंप। शहर छोड़कर भागे।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट के दावे को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

प्रयागराज के नाम पर वायरल वीडियो में नदी में अचानक तेजी से पानी को आते हुए देखा जा सकता है। इसके कारण नदी किनारे बनी इमारतों, सड़क और गाड़ियों को बाढ़ के पानी में डूबते हुए देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इस वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर एआई डिटेक्शन cantilux की मदद से इसे चेक किया। इसके नतीजों में बताया गया कि यह 79% एआई निर्मित हो सकता है।

वीडियो की पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने हमारे सहयोगी एमसीए की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) की मदद ली। उन्होंने बताया कि वीडियो में कुछ जगह एआई मैनिपुलेशन को डिटेक्ट किया जा सकता है। WasitAI टूल ने वीडियो को एआई निर्मित होने की संभावना जताई।

डीएयू ने अपने एनालिसिस में बताया कि वीडियो को ध्यान से देखने पर, खासकर उस सड़क पर जहाँ कारें तेज़ रफ़्तार से गुज़रती दिख रही हैं, हमें वीडियो की सच्‍चाई का पता लगता है। सड़क पर अजीबोगरीब धारियाँ हैं, और गाड़ियाँ मुड़ती हुई दिखाई देती हैं, जिससे उनका आकार विकृत हो जाता है। यह अवास्तविक है और इस बात का संकेत है कि वीडियो ट्रैक में AI का इस्तेमाल किया गया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान अपने सहयोगी दैनिक जागरण, प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को साझा किया। उन्‍होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो का प्रयागराज से कोई संबंध नहीं है। यह बात सही है कि प्रयागराज में इनदिनों बाढ़ आई हुई है, लेकिन वीडियो यहां का नहीं है।

सर्च के दौरान हमें बीबीसी की एक वीडियो रिपोर्ट मिली। सात अगस्‍त को अपलोड इस रिपोर्ट में बताया गया कि प्रयागराज के कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं।

जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की । यूजर को तीन हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। इस अकाउंट पर हमें कई एआई निर्मित फर्जी वीडियो दिखे।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। एआई निर्मित वीडियो को कुछ लोगों के द्वारा प्रयागराज के नाम पर वायरल किया जा रहा है। प्रयागराज के कई इलाके गंगा-यमुना में आई बाढ़ के कारण डूबे हुए हैं, लेकिन वायरल वीडियो प्रयागराज का नहीं है।

The post Fact Check : प्रयागराज में बाढ़ के नाम पर AI निर्मित वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments