नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रेखा गुप्ता ने 19 फरवरी 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। अब एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला को तलवार और लाठी से करतब दिखाते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का पुराना वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। इस वीडियो में नजर आ रही महिला रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि मराठी एक्ट्रेस पायल जाधव हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Drrajesh Kumar’ ने 20 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा “Old video of RSS worker Rekha Gupta. Now Delhi CM ____ अब इनकी खैर नहीं। लाठी,भाला,तलवार चलाने वाली रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी।___ पत्थरबाजों मे दहशत।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें यह वीडियो मराठी एक्ट्रेस पायल जाधव के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 19 फरवरी 2025 को अपलोड मिला।

इस क्लिप को शेयर करते हुए उन्होंने बताया है कि ये वीडियो उन्होंने शिवाजी महाराज को समर्पित किया है। साथ ही इस वीडियो को बनाने में मदद करने वाले लोगों को भी टैग किया है।

पायल जाधव एक अभिनेत्री हैं, जिन्होंने 2023 में मराठी सिनेमा में अपनी शुरुआत फिल्म “बापल्योक” से की थी।
हमने इस विषय में मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वीडियो में दिख रही महिला एक्ट्रेस पायल जाधव हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Drrajesh Kumar के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के लगभग 5000 फ़ॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check : इस वीडियो में तलवार से करतब दिखाती महिला दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता नहीं हैं appeared first on Vishvas News.
0 Comments