नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली समेत कई शहरों में दीपावली के बाद से ही प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा बढ़ गया है। दीवाली की रात जमकर हुई आतिशबाजी के कारण बच्चों, बुजुर्ग, बीमार और बेजुबान जानवरों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। अब इसी से जोड़कर कई सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो शेयर कर रहे हैं। इसमें पटाखों और बम की आवाजों के बीच बंदरों को डरते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इस पोस्ट की जांच की। हमारी जांच में पता चला कि वायरल वीडियो को एआई की मदद से तैयार किया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘ब्लाक गैसड़ी समाचार’ ने 10 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “पटाखों की आवाज़ से सहमे बेज़ुबान! दिवाली पर हम तो पटाखों का मज़ा ले लेते हैं, लेकिन बेजुबानों का दिल देखिए। वीडियो में दो बंदर एक कोने में माँ-बच्चे की तरह एक दूसरे से लिपटकर सहमे बैठे हैं, हर धमाके के साथ कांप रहे हैं। खुशी मनाइए, पर थोड़ी इंसानियत भी दिखाइए।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का भी इस्तेमाल किया। संबंधित कीवर्ड बनाकर सर्च करने पर हमें कोई ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे को सच साबित करती हो।
इसके बाद गूगल लेंस टूल की मदद ली। वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाल कर गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च किया। हमें सबसे पुराना वीडियो एक इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। ‘love.nature.48’ नाम के हैंडल ने इस वीडियो को एक नवंबर 2026 को पोस्ट किया था। साथ में एआई कंटेंट का लेबल भी इसके साथ में नजर आया, जबकि इस साल दीपावली 8 नवंबर को थी। इससे यह स्पष्ट हो गया कि वीडियो दीपावली से पहले ही सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। प्रोफाइल पर हमें ऐसे कई एआई जेनरेटेड वीडियो नजर आए।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली, क्योंकि आजकल एआई तकनीक का इस्तेमाल करके फेक कंटेंट वायरल किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो के कीफ्रेम को हमने पहले ‘साइट इंजन’ टूल से चेक किया। इस टूल ने तस्वीर के लिए 99 फीसदी संभावना इस बात की जताई कि इसे एआई से बनाया गया है।

इसके बाद ‘हाइव मॉडरेशन’ टूल का यूज किया गया। वायरल वीडियो को इस टूल की मदद से चेक करने पर पता चला कि यह एआई-निर्मित है। हाइव मॉडरेशन के नतीजों में इसे 91.7 प्रतिशत से अधिक एआई संभावित बताया गया।

इसी तरह जब इस वीडियो को ‘Nvidia’ से चेक किया गया तो इसके नतीजों में भी वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई गई।

वायरल वीडियो को हमने गूगल के ‘सिंथ आईडी’ से चेक किया। इसके एनालिसिस के अनुसार, यह ‘ओपन एआई’ की मदद से तैयार किया गया है।

क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण की 10 नवंबर 2026 की एक रिपोर्ट में बताया गया, “दीपावली पर पटाखे छोड़े जाने के कारण कश्मीर से लेकर कोलकाता तक एक दिन पहले तक सामान्य रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) कई गुना बढ़ गया। दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक्यूआइ का स्तर 350 से ऊपर रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। देश की राजधानी दिल्ली में इस बार पिछले पांच सालों की सबसे प्रदूषित दीपावली दर्ज की गई। लोगों का सांस लेना दूभर हो गया।”

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि ‘ब्लॉक गैसड़ी समाचार’ नाम के पेज को उत्तर प्रदेश के तुलसीपुर से संचालित किया जाता है। इसे 18 हजार से अधिक लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2022 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो सिंथेटिक साबित हुआ। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
The post Fact Check: AI से बनाया गया है दीपावली पर पटाखों की आवाज से सहमे बंदरों का वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments