What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: ओवैसी ने नहीं कही यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने की बात, FAKE है वायरल पोस्ट

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले व‍िधानसभा चुनाव से जोड़कर ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (AIMIM) पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ दावा क‍िया गया क‍ि ओवैसी ने कहा है क‍ि यूपी में तीसरी बार योगी आद‍ित्‍यनाथ की सरकार बने। इस पोस्‍ट को सही मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्‍तार से इस पोस्‍ट की जांच की। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। ओवैसी ने ऐसा कुछ नहीं कहा है, जैसा क‍ि दावा क‍िया गया है। दरअसल, उन्‍होंने कहा था क‍ि ‘वह नहीं चाहते हैं क‍ि यूपी में तीसरी बार योगी की सरकार बने’।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Mohd Nadeem’ ने 28 अक्‍टूबर 2026 को एक वीडियो अपलोड करते हुए दावा क‍िया, “जनाब असदुद्दीन ओवैसी साहब कह रहे है कि मैं चाहता हु, तीसरी मर्तबा यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार बने!”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ल‍िखा गया है। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल शुरू करते हुए सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में ओवैसी को साफ तौर पर पत्रकारों को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “हम नहीं चाहते क‍ि तीसरी मर्तबा योगी आद‍ित्‍यनाथ की यूपी में सरकार बने।”

विश्वास न्यूज़ ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीड‍ियो के कई कीफ्रेम्‍स न‍िकाले। फ‍िर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जर‍िए सर्च क‍िया गया। हमें ‘पीटीआई’ न्‍यूज एजेंसी के एक्‍स हैंडल पर ओवैसी का पूरा वीड‍ियो म‍िला। 26 अक्‍टूबर 2026 के इस वीड‍ियो में एक पत्रकार ओवैसी से पूछता है, “राहुल-अख‍िलेश आपसे डरते क्‍यों हैं?” इसके जवाब में ओवैसी कहते हैं, “मुझे नहीं मालूम। हम तो नहीं चाहते क‍ि तीसरी मर्तबा योगी आद‍ित्‍यनाथ की सरकार यूपी में बने। हम ब‍िहार में भी ओपन ऑफर क‍िए थे। आपने कबूल नहीं क‍िया। आज भी हमने क‍िया है। वह उनकी मर्जी है। हम अपनी पूरी कोश‍िश करेंगे क‍ि बीजेपी की सरकार न बने । हमारे कैंडिडेट व‍िधायक बनकर यूपी व‍िधानसभा पहुंचे।”

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान कीवर्ड सर्च का इस्‍तेमाल क‍िया। इसके ल‍िए कुछ कीवर्ड बनाए गए और फ‍िर इन्‍हें गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से खोजा गया। हमें ‘आर भारत’ की वेबसाइट पर एक खबर म‍िली। 26 अक्‍टूबर 2026 की इस खबर में बताया गया क‍ि असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि वह उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने से रोकने का हर संभव प्रयास करेंगे।

कीवर्ड सर्च के दौरान हमें ‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर भी एक खबर म‍िली। 26 अक्‍टूबर 2026 की इस खबर में बताया गया क‍ि ओवैसी ने शामली के कैराना स्‍थ‍ित तितरवाड़ा रोड पर एक जनसभा में खुलकर भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा पर न‍िशाना साधा। उन्होंने साफ कहा क‍ि उनकी पार्टी योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनते नहीं देखना चाहती है।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के वर‍िष्‍ठ नेता वार‍िस पठान से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्‍ट शेयर क‍िया। उन्‍होंने इसे फेक बताते हुए कहा क‍ि ओवैसी ने शामली में साफ शब्‍दों में कहा था क‍ि यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार तीसरी बार बनने नहीं दी जाएगी। वायरल हो रहे वीड‍ियो में भी इसे सुना जा सकता है।

क्‍या है संदर्भ?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सभी दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में ओवैसी अपनी पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के ल‍िए 25 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना गए थे। वहां उन्होंने एक रैली को संबोध‍ित क‍िया था। कैराना स्‍थ‍ित तितरवाड़ा रोड पर हुई जनसभा में उन्‍होंने भाजपा के साथ सपा, कांग्रेस और बसपा पर हमला बोला था। अमर उजाला की खबर में इस बारे में व‍िस्‍तार से पढ़ा जा सकता है।

जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट की जांच की। इसकी सोशल स्‍कैन‍िंग में पता चला क‍ि इस अकाउंट को 7,000 लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट आजमगढ़ से संचाल‍ित होता है और इसे अप्रैल 2017 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोशल मीडिया पर ओवैसी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी में तीसरी बार योगी आद‍ित्‍यनाथ की सरकार बनने की बात नहीं कही है। आधे-अधूरे वीड‍ियो के साथ गलत दावा क‍िया जा रहा है।

The post Fact Check: ओवैसी ने नहीं कही यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने की बात, FAKE है वायरल पोस्ट appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments