नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में स्थानीय छात्रों से संवाद करेंगे। इसी बीच सोशल मीडिया पर 22 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारी भीड़ दिख रही है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हाल ही में राहुल गांधी के स्वागत के लिए मध्य प्रदेश की जनता सुबह-सुबह सड़कों पर उतर आई है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। हमने अपनी पड़ताल में पोस्ट को भ्रामक पाया। दरअसल, यह वीडियो ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान का है। 28 नवंबर 2022 को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में चल रही थी। उसी दौरान के वीडियो को अभी का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक पेज ‘The fast News’ ने 15 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मध्य प्रदेश की जनता सुबह-सुबह सड़कों पर उतर आई राहुल गांधी के स्वागत में। ये है असली जनसमर्थन।”
‘जन अपडेट’ नाम के एक वेरिफाइड एक्स हैंडल ने भी इस पुराने वीडियो को इसी कैप्शन के साथ 14 सितंबर 2026 को शेयर किया था।
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसे ध्यान से देखा। इसमें हमें ऊनी कपड़े पहने हुए लोग नजर आए, जबकि सितंबर के महीने में मध्य प्रदेश में ठंड नहीं होती है। ऐसे में हमें वीडियो के पुराना होने का शक हुआ। वीडियो में हमें कई जगह भारत जोड़ो यात्रा लिखा हुआ भी नजर आया।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘कांग्रेस सेवा दल’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास के एक्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 28 नवंबर 2022 को शेयर किया गया था। वीडियो के साथ जानकारी देते हुए इसे मध्य प्रदेश का बताया गया। उस दौरान राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही थी।
सर्च के दौरान हमें वायरल वीडियो बीवी श्रीनिवास के फेसबुक अकाउंट पर भी मिला। इसे 28 नवंबर 2022 को पोस्ट किया गया था।

हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो पुराना है। अब हमें यह जानना था कि 28 नवंबर 2022 को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कहां चल रही थी। हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें ‘एनडीटीवी’ की एक न्यूज मिली। इस न्यूज को 28 नवंबर 2022 को प्रकाशित किया गया था। खबर में बताया गया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 28 नवंबर 2022 को मध्य प्रदेश के इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान पदयात्रा के अलावा राहुल गांधी ने कुछ देर के लिए साइकिल भी चलाई थी। खबर में यह भी बताया गया कि यह यात्रा 23 नवंबर 2022 को महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश की थी।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद जाट से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है और यह ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान का है।
क्या है संदर्भ?
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी 19 सितंबर 2026 को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं पर बात करेंगे। ‘जागरण डॉट कॉम’ पर 14 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक खबर में इस कार्यक्रम के बारे में पढ़ा जा सकता है।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम राहुल गांधी ने शुरू किया है। इसमें युवाओं और छात्रों की समस्याओं पर खुले मंच से चर्चा की जाती है। इसमें राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के साथ सीधा संवाद करते हैं। यह अभियान देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित किया जा रहा है। आगामी 19 सितंबर 2026 को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन होना है।
अंत में हमने पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि यह पेज अगस्त 2026 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल पोस्ट को भ्रामक पाया। दरअसल, राहुल गांधी की मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान उमड़े जनसैलाब के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। 2022 में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।
The post Fact check: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का पुराना वीडियो अभी का बताकर किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments