नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें कथित रूप से यह कहते हुए दिखाया गया है कि वह एक झटके में गरीबी खत्म कर देंगे। इस वीडियो को पीएम मोदी का बयान मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर करते हुए उनका मजाक उड़ा रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की विस्तार से जांच की। पता चला कि यह वीडियो एडिटेड है। नरेंद्र मोदी के 2024 के भाषण के वीडियो का एक हिस्सा एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। दरअसल, मध्य प्रदेश में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कटाक्ष किया था। उसी वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके गलत संदर्भ के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Kewal Vikas’ ने 10 सितंबर को पीएम मोदी का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “देश की गरीबी एक झट के में हटा दूंगा।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें इस संदर्भ में सबसे पुराना वीडियो 14 अप्रैल 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। इसे भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया गया था।
इस वीडियो में 30:30 मिनट की टाइमलाइन के बाद पीएम मोदी कहते हैं, “हताश कांग्रेस ऐसी घोषणा कर रही है, जो खुद कांग्रेस के नेताओं को समझ नहीं आ रहा। कांग्रेस के शाहजादे ने अभी घोषणा की। आप भी सुनकर हंसोगे। सुनाऊं? जोरों से हंसना होगा आपको। कांग्रेस के शाहजादे ने घोषणा की। वह वीडियो भी देखने जैसा है उन्होंने घोषणा की कि एक झटके में देश की गरीबी हटा दूंगा। अब बताओ भाई हंसी आएगी या नहीं? आप हैरान हो गए हो, नहीं हो गए? ऐसे लोगों पर कोई भरोसा करेगा क्या?”
पूरा वीडियो देखने से स्पष्ट हुआ कि वायरल क्लिप इसी मूल वीडियो का एक हिस्सा है। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में आयोजित हुआ था।
सर्च के दौरान हमें ‘ईटी नाउ’ के यूट्यूब चैनल पर एक शॉर्ट के रूप में भी यह वीडियो मिला। इसमें राहुल गांधी के बयान वाली क्लिप का भी इस्तेमाल किया गया था। इसे 15 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। इसमें राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि ‘एक झटके से हिंदुस्तान से हम गरीबी को मिटा देंगे’। इसके बाद पीएम मोदी के बयान को दिखाया गया है।
सर्च के दौरान हमें राहुल गांधी का असली बयान भी मिला। 12 अप्रैल 2024 को ‘न्यूज तक’ ने अपने फेसबुक पेज पर राहुल गांधी का यह बयान शेयर किया था। इसमें राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि गरीबी रेखा के नीचे रहने वाली महिला के बैंक अकाउंट में हर साल एक लाख रुपय आता रहेगा। इससे एक झटके से हिंदुस्तान से हम गरीबी को मिटा देंगे।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी का वायरल वीडियो एडिटेड है। दरअसल, दो साल पहले पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में राहुल गांधी के बयान पर तंज कसते हुए वायरल वीडियो वाली बात कही थी।
क्या है संदर्भ?
देश में 2024 में लोकसभा चुनाव हुए थे। एक सभा में राहुल गांधी ने कहा था कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो गरीब महिलाओं के खाते में हर साल एक लाख रुपये दिए जाएंगे, जिससे गरीबी एक झटके में खत्म हो जाएगी। राहुल गांधी के इसी बयान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजाक उड़ाया था। लाइव हिंदुस्तान की 14 अप्रैल 2024 की खबर में इसके बारे में पढ़ा जा सकता है।
अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की गई। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर 1,700 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट सितंबर 2020 में बनाया गया था। यूजर बिहार के आरा में रहता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फेक साबित हुई। वर्ष 2024 का पीएम मोदी के भाषण का एक आधा-अधूरा वीडियो सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ वायरल हो रहा है। पीएम मोदी ने राहुल गांधी के एक बयान का जिक्र करके उन पर तंज कसते हुए वायरल बयान दिया था। इसी पुराने वीडियो के एक हिस्से को संदर्भ से काटकर यह झूठा दावा किया जा रहा है कि पीएम ने एक झटके से गरीबी दूर करने की बात कही है।
The post Fact Check: पीएम मोदी ने एक झटके में गरीबी खत्म करने की नहीं कही बात, आधा-अधूरा है वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments