What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: शराब के साथ नाचते व्यक्ति राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं, वायरल दावा गलत

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अयोध्या के ‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ का नया सीईओ भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को नियुक्त किया गया है। इसी से जोड़कर एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति को शराब का गिलास सिर पर रखकर नाचते और जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति जितेंद्र मिश्रा हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो पुराना है और इसमें नजर आ रहे शख्स जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं। यह वीडियो ‘विकास राणा’ नाम के एक शख्स ने 3 नवंबर 2025 में शेयर किया था।

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स यूजर ‘payalyadav’ ने 2 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के रूप में नामित सेवानिवृत्त वायु मार्शल जितेंद्र मिश्रा अपनी नियुक्ति का जश्न मनाते हुए नाचते और शराब पीते हुए नजर आ रहे हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Vikash Rana’ नाम के एक शख्स के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को 3 नवंबर 2025 को शेयर किया गया था। हालांकि, कैप्शन में वीडियो में दिख रहे शख्स के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने Vikash Rana के अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमने पाया कि Vikash Rana ने वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स के साथ कई अन्य वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर भी शेयर किए हैं। एक ऐसे ही वीडियो में विकास उस शख्स को ‘कप्तान साहब’ कहकर बुलाते हैं।

https://www.youtube.com/watch?v=2JbYMer7ans

हमने जितेंद्र मिश्रा और वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स की तस्वीरों की तुलना की। इसके बाद यह साफ हो गया कि दोनों ही तस्वीरें अलग-अलग व्यक्तियों की हैं।

विश्वास न्यूज ने राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ जितेंद्र मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए कहा, “वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति मैं नहीं हूं।”

हमने इस वीडियो को बनाने और अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करने वाले शख्स विकास राण से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रहे शख्स जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं। इस वीडियो को गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है।” हालांकि, ट्रोलिंग का डर बताते हुए उन्होंने संबंधित व्यक्ति की पहचान बताने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने साफ किया है कि वायरल वीडियो मे नजर आ रहे शख्स जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं।

क्या है संदर्भ?

‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 2 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किए गए हैं। जितेंद्र मिश्रा वायुसेना में 39 साल की सेवा देने के बाद, 30 अप्रैल 2026 को रिटायर हुए । देश की रक्षा के लिए करीब चार दशक तक सेवाएं देने वाले जितेंद्र मिश्रा को 3000 घंटे की उड़ान का अनुभव है।” 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर मार्च 2026 से एक्स पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो किसी अन्य शख्स का है। यह वीडियो पुराना है और इसमें नजर आ रहे शख्स जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं। यह वीडियो विकास राणा नाम के एक शख्स ने साल 2025 में शेयर किया था।

The post Fact Check: शराब के साथ नाचते व्यक्ति राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं, वायरल दावा गलत appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments