नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 का समापन हो चुका है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को पीएम मोदी की तस्वीर वाली एक प्लेट पकड़े हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस तस्वीर को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी ने शी चिनफिंग को अपनी ही तस्वीर वाली प्लेट भेंट की।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो यह गलत निकला। दरअसल, अक्टूबर 2019 में ‘इंडिया-चीन समिट’ के दौरान पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को उनकी ही तस्वीर वाली एक शॉल भेंट की थी। वहीं, शी चिनफिंग ने पीएम मोदी को बोन चाइना पोर्सिलेन की एक प्लेट सौंपी थी, जिस पर मोदी की ही तस्वीर बनी हुई थी। इसी वीडियो को अब ब्रिक्स 2026 से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘कुनाल विद्रोही’ ने 13 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अपनी फोटो कौन गिफ्ट देता है भाई।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘रेडिफ डॉट कॉम‘ पर 17 अगस्त 2020 को प्रकाशित एक रिपोर्ट में इस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। इसके कैप्शन के अनुसार, ”12 अक्टूबर 2019 को महाबलीपुरम में पीएम मोदी और शी चिनफिंग ने एक-दूसरे को तोहफे दिए।”

इससे पता चलता है कि यह तस्वीर अक्टूबर 2019 की है। इसके बाद हमने संबंधित कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की वेबसाइट पर 12 अक्टूबर 2019 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “पीएम मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग को ममल्लापुरम के पास फिशरमैन कोव होटल में तमिलनाडु की कलाकृतियों और हथकरघा के बारे में जानकारी दी, जहां वे अनौपचारिक भारत-चीन शिखर सम्मेलन में मिले थे। मोदी ने उन्हें लाल कांजीवरम साड़ी और रेशम की एक शॉल भी भेंट की, जिस पर सुनहरे धागों से शी चिनफिंग की तस्वीर बुनी हुई थी। इसके बदले में चीनी राष्ट्रपति ने उन्हें बोन चाइना पोर्सिलेन की एक प्लेट दी, जिस पर मोदी की तस्वीर बनी हुई थी।”

यूट्यूब चैनल ‘Voice of America’ पर 12 अक्टूबर 2019 को इस शिखर सम्मेलन की एक वीडियो न्यूज को पोस्ट किया गया था। इसके अनुसार, पीएम मोदी ने शी चिनफिंग की तस्वीर वाली शॉल उन्हें भेंट की थी, जबकि चीन की तरफ से भारतीय प्रधानमंत्री को मोदी की तस्वीर वाली प्लेट तोहफे में दी गई थी।
भारत में चीनी दूतावास की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक रिपोर्ट में भी इस तस्वीर को 61 नंबर पेज पर देखा जा सकता है। इसके कैप्शन में लिखा है, अक्टूबर 2019 में महाबलीपुरम में अपनी दूसरी अनौपचारिक बैठक के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीनी मिट्टी से बनी एक यादगार भेंट की, जिस पर भारतीय पीएम की तस्वीर बनी हुई थी।

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो पुराना है और इसका ब्रिक्स 2026 से कोई संबंध नहीं है।
क्या है संदर्भ?
भारत की अध्यक्षता में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। ‘पीआईबी हिंदी’ के एक्स हैंडल पर 14 सितंबर को पोस्ट किए गए एक वीडियो के साथ जानकारी दी गई कि ब्रिक्स 2026 का समापन हो गया है। नई दिल्ली में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक चुनौतियों, सहयोग और साझा विकास पर सार्थक चर्चा हुई।
‘डीडी न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर 13 सितंबर 2026 को अपलोड एक वीडियो के अनुसार, ब्रिक्स के समापन के साथ पीएम मोदी ने सभी देशों को भागीदारी के लिए उनका आभार जताया और चीन को अगली अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि ब्रिक्स का आयोजन 12 और 13 सितंबर 2026 को हुआ था।
ब्रिक्स के सदस्य देशों में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात हैं।
ब्रिक्स 2026 में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी शामिल हुए थे।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। प्रयागराज (इलाहाबाद) के रहने वाले इस यूजर के फेसबुक पर करीब 38 लाख फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: अक्टूबर 2019 में भारत-चीन शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्हीं की तस्वीर वाली एक प्लेट भेंट की थी। उसी वीडियो को अब गलत दावे के साथ ब्रिक्स 2026 से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: मोदी की तस्वीर वाली प्लेट चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 2019 में भारतीय पीएम को भेंट की थी, वायरल दावा गलत appeared first on Vishvas News.
0 Comments