What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: BRICS सम्मेलन में व्लादिमीर पुतिन के सेल्फी लेने के दावे से वायरल तस्वीर फेक है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन 2026 के आयोजन के बाद सोशल मीडिया पर एक सेल्फी वायरल हो रही है, जिसे इस सम्मेलन के दौरान की तस्वीर बताया जा रहा है। वायरल तस्वीर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं और फ्रेम में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति समेत अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी नजर आ रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस तस्वीर को फेक पाया। इसे एआई की मदद से बनाया गया है। इस तस्वीर में ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी भी नजर आ रहे हैं, जिनका निधन हो चुका है। हालांकि, इस ब्रिक्स सम्मेलन में ईरान के मौजूदा राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भाग लिया था। इसके अलावा, ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पुतिन ने ऐसी कोई सेल्फी नहीं ली थी।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Chandra Mohan Jagota’ ने 13 सितंबर 2026 को वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “BREAKING NEWS PUTIN’S BRICS SELFIE GOES VIRAL! A stunning group selfie featuring Russian President Vladimir Putin, PM Narendra Modi, Chinese President Xi Jinping and other world leaders at the BRICS Summit in New Delhi has gone viral on social media.The light-hearted moment comes as global leaders gather in Delhi for the 18th BRICS Summit. WORLD LEADERS, ONE FRAME! #Putin #Modi #XiJinping #BRICS #BRICSSummit India Viral BreakingNews FTNews”

वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।

जांच

वायरल तस्वीर को गौर से देखने पर इसके फेक होने का संदेह होता है, क्योंकि इसमें ईरान के दिवंगत राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी भी नजर आ रहे हैं, जबकि ब्रिक्स सम्मेलन में ईरान के मौजूदा राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भाग लिया था। वायरल तस्वीर में ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा और तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन भी नजर आ रहे हैं, जबकि इस सम्मेलन में एर्दोगन मौजूद नहीं थे। वहीं, ब्रिक्स का संस्थापक देश होने के बावजूद इस बार ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा की बजाय वहां के विदेश मंत्री ने सम्मेलन में भाग लिया था। साथ ही, इस बार के ब्रिक्स की थीम ‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनिबिलिटी’ थी, जबकि वायरल तस्वीर में ब्रिक्स की थीम ‘पीपल, पार्टनरशिप, प्रोग्रेस’ लिखी हुई है।

वायरल तस्वीर में नजर आ रही विसंगतियां।

इन तथ्यों के आधार पर हमने इस तस्वीर को डीपफेक डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक किया। ‘हाइव मॉडरेशन’ की एनालिसिस में वायरल तस्वीर के एआई से बने होने की प्रबल संभावना (करीब 90 फीसदी) की पुष्टि हुई।

हाइव डिटेक्टर की एनालिसिस

इस एनालिसिस के अनुसार, वायरल तस्वीर को ‘जीपीटी इमेज’ से बनाए जाने की संभावना सर्वाधिक है। एक अन्य डिटेक्शन टूल, ‘इमेज व्हिसपरर’ ने भी इसके एआई से बने होने की सर्वाधिक संभावना की पुष्टि की है।

हमारी जांच से यह स्पष्ट है कि वायरल तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई-क्रिएटेड है।

ब्रिक्स 2026 के आधिकारिक एक्स हैंडल पर हमें इस सम्मेलन में शामिल सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों की एक तस्वीर मिली, जिसे यहां देखा जा सकता है।

न्यूज सर्च में हमें एक और तस्वीर मिली, जो अखबारों की सुर्खियां भी बनी थी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति पुतिन और शी जिनपिंग के साथ नजर आ रहे हैं।

कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी इस तस्वीर को देखा जा सकता है। हालांकि, सर्च में हमें ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें पुतिन के सेल्फी लिए जाने का कोई जिक्र हो। इस असल तस्वीर को नरेंद्र मोदी के आधिकारिक इंस्टाग्राम प्रोफाइल से भी शेयर किया गया था।

वायरल तस्वीर को लेकर हमने इस सम्मेलन को कवर करने वाले सीनियर जर्नलिस्ट मधुरेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने इसे फेक बताते हुए कहा, “सम्मेलन में ऐसी कोई सेल्फी नहीं ली गई थी।”

क्या है संदर्भ?

18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12-13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में 140 बिंदुओं के साझा घोषणापत्र को सभी सदस्यों ने मंजूरी दी और साथ ही, पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई।

न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (2026) में 11 सदस्य देशों, 10 पार्टनर देशों और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के शीर्ष नेताओं और राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया।

वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर चार हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सेल्फी लिए जाने के दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीर फेक है। इस तस्वीर को एआई की मदद से बनाया गया है।

The post Fact Check: BRICS सम्मेलन में व्लादिमीर पुतिन के सेल्फी लेने के दावे से वायरल तस्वीर फेक है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments