What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह के साथ हुई मारपीट का दावा फेक

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक शख्स को पीटते हुए कुछ लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बिहार के वैशाली का है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गुस्साए लोगों ने पार्टी के विधायक संजय कुमार सिंह की पिटाई कर दी।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो बिहार के वैशाली का नहीं, बल्कि हाजीपुर का है। वहां एक रास्ते को लेकर हुए विवाद के मामले में गुस्साए लोगों ने जनता दल (यूनाइटेड) के एक नेता राजन कुंद्रा के साथ धक्का-मुक्की की थी। इस घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘इंडिपेंडेंट हिन्दुस्तान’ ने 5 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “वैशाली, बिहार: वैशाली लालगंज के बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह के साथ लोगों ने की मारपीट।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें वीडियो ‘Janman Bharat’ नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 5 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, “हाजीपुर के चंद्रालय में रास्ते के विवाद मामले में लालगंज विधानसभा के विधायक प्रत्याशी राजन कुंद्रा। आरोप है कि ब्रह्मेश्वर मुखिया के ऊपर टीका-टिप्पणी मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने उनके साथ मारपीट किया। इस मौके पर उपस्थित हाजीपुर SDM रामबाबू बैठा भी मौजूद रहे।”

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो एक अन्य पेज ‘Dharatal Tak Bihar’ पर 4 अगस्त 2026 को शेयर किया हुआ मिला। यहां भी कैप्शन में वीडियो को हाजीपुर चंद्रालय  में रास्ते के विवाद को लेकर लालगंज विधानसभा के विधायक प्रत्याशी राजन कुंद्रा के साथ हुई धक्का-मुक्की का ही बताया गया है। 

हमें इस पूरे मामले को लेकर दिए गए राजन कुंद्रा के इंटरव्यू का वीडियो ‘DeshMat News’ नाम के फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 5 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था। वीडियो में उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि वो हाजीपुर में एक जमीनी विवाद को सुलझाने के लिए गए थे, लेकिन उनके साथ वहां पर मारपीट नहीं हुई थी। हालांकि, धक्का-मुक्की की वजह से वो गिर गए थे, लेकिन कुछ लोगों ने कह दिया कि उनके साथ मारपीट हुई है।

हमें जांच के दौरान राजन कुंद्रा का फेसबुक अकाउंट भी मिला। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, राजन कुंद्रा , व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश महासचिव हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने इस मामले को कवर करने वाले स्थानीय पत्रकार अभिजीत शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रहे शख्स बीजेपी के विधायक नहीं, बल्कि जनता दल यूनाइटेड के नेता राजन कुंद्रा हैं। वह हाजीपुर के लालगंज में हुए एक जमीन विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, लेकिन उनके साथ मारपीट नहीं हुई थी।

हमने बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह से भी इस वीडियो को लेकर बातचीत की। उन्होंने हमें बताया, “वायरल दावा गलत है। इस वीडियो में मैं नहीं हूं। गलत तरीके से वीडियो को वायरल किया जा रहा है। यह वीडियो राजन कुंद्रा नाम के शख्स के साथ हुई घटना का है। इसका मुझसे कोई संबंध नहीं है।”

क्या है संदर्भ?

‘प्रभात खबर’ की वेबसाइट पर 4 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के चंद्रालय गांव में दो पक्षों के बीच प्राचीन सती स्थान मंदिर के पास बने रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ही पक्षों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले को काबू करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल को बुलाया गया था। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी। हालांकि, धक्का-मुक्की के कुछ देर बाद पुलिस ने मामले को शांत कर दिया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह की पिटाई के नाम पर वायरल किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो हाजीपुर में हुए एक रास्ते के विवाद का है। गुस्साए लोगों ने यहां मामला सुलझाने आए जनता दल (यूनाइटेड) के एक नेता राजन कुंद्रा के साथ धक्का-मुक्की की थी।

The post Fact Check: बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह के साथ हुई मारपीट का दावा फेक appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments