What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: असम में बाढ़ में डूबी एक मस्जिद पर चढ़कर अजान देने के दावे से वायरल हुआ AI वीडियो 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। असम में आई भीषण बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। इसी से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक शख्स को बाढ़ में डूबी और टूटी हुई मस्जिद पर खड़ा हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह असम का है, जहां एक व्यक्ति ने बाढ़ में डूबी हुई मस्जिद पर चढ़कर अजान दिया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस वायरल वीडियो को बनाने के लिए एआई तकनीक का यूज किया गया है। गूगल एआई का इस्तेमाल कर इस वीडियो को बनाया गया है।

क्या हो रहा है वायरल? 

फेसबुक यूजर ‘Mewat Ki Baat’ ने वायरल वीडियो को 31 जुलाई 2026 को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “माशाअल्लाह असम में बाढ़ से मुतास्सिर एक मस्जिद से आजान की आवाजें बुलंद की जा रही है ..बस नाम रहेगा अल्लाह का।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने ए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें ‘गूगल लेंस’ की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘porokalerpassport’ नाम के एक ‘टिकटॉक’ अकाउंट पर मिला। एक्सप्रेस वीपीएन की मदद से हमने पोस्ट को ओपन किया। इस वीडियो को 23 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। इस पोस्ट में यह बताया गया है कि यह वीडियो एआई-जनरेटेड है। साथ ही, हमने पाया कि इस वीडियो पर ‘जेमिनी एआई’ का लोगो भी लगा है।

हमने वीडियो को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। इसकी एनालिसिस में इस वायरल वीडियो के कुछ या सभी हिस्सों में ‘सिंथआईडी’ के डिटेक्ट होने (Very High: सिंथआईडी कॉन्फिडेंस) की पुष्टि हुई। 

सिंथआईडी, गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार एआई-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उन्हें पहचानने का एक टूल है। यानी, जब भी गूगल का कोई AI टूल कोई तस्वीर बनाता है, तो सिंथआईडी उसमें एक डिजिटल वॉटरमार्क छिपा देता है। यह वॉटरमार्क हमारी आंखों से दिखाई नहीं देता, लेकिन सिंथआईडी डिटेक्टर इसे पहचान लेता है। कीफ्रेम में नजर आ रहा ब्लू एरिया यह बताता है कि इसे एआई से बनाया गया है।

हमने वीडियो को जांचने के लिए एक अन्य टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी फोटो के करीब 100 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।

क्या है संदर्भ?

असम में 2026 के मानसून सीजनमें कई दिनों तक हुई लगातार बारिश के कारण पांच जिलों में भयानक बाढ़ आ गई है। गोलाघाट, शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और नगांव जिले बाढ़ के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, असम के 379 गांव पानी में डूब गए हैं। करीब 1.35 लाख लोग इस बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं और 85 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कई इन्फ्लुएंसर और एक्टर्स प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की मदद कर रहे हैं। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को दो हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बाढ़ में डूबी हुई एक मस्जिद पर चढ़कर अजान देने के दावे से वायरल असम का वीडियो एआई-निर्मित है। गूगल एआई की मदद से बनाये गए इस वीडियो को अब असम में आई बाढ़ के नाम पर वायरल किया जा रहा है। 

The post Fact Check: असम में बाढ़ में डूबी एक मस्जिद पर चढ़कर अजान देने के दावे से वायरल हुआ AI वीडियो  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments