What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: यूपी में गोतस्करी के आरोप में मुस्लिम नहीं, हिंदू महिलाओं की हुई पिटाई, FAKE है वायरल पोस्ट

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला दो अन्‍य महिलाओं को बुरी तरह पीटती हुई दिखाई दे रही है। इसके अलावा भीड़ में मौजूद कई लोग भी इन महिलाओं के साथ बदतमीजी करते हुए दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को इस दावे के साथ वायरल कर रहे हैं कि गोवंश ले जा रही मुस्लिम महिलाएं पकड़ी गई हैं, जिनकी पिटाई ‘हिंदू रक्षा दल’ की सपना अग्रवाल कर रही हैं। वीडियो को कई सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग दावे के साथ वायरल कर रहे हैं। अधिकांश वीडियो में इन महिलाओं को मुस्लिम बताया गया है। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। जिन महिलाओं की पिटाई की गई है, वे हिंदू हैं।

क्या है वायरल?

इंस्टाग्राम हैंडल ‘dksharma6671’ ने 3 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “गौमाता की तस्करी के नाम पर सनातनी महिला ने खोया आपा, हिजाबी खातूनों को पीटते सपना अग्रवाल का वीडियो वायरल, गाजियाबाद के मोदीनगर पहुंची थी हिन्दू रक्षा दल की टीम, क्या हंगामा और धरना के साथ अब गोतस्करी में भी आगे की जाने लगी हैं ख़ातूनें?”

पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो की जांच के लिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड सर्च के आधार पर खोजने पर हमें कई न्यूज वेबसाइट पर इस घटना से जुड़ी खबरें मिलीं।

‘लाइव हिंदुस्तान’ की वेबसाइट पर 4 अगस्त 2026 को पब्लिश हुई एक खबर में बताया गया, ”मोदीनगर से मुरादनगर पशु ले जा रही मां-बेटी के साथ हिंदू रक्षा दल के लोगों ने मारपीट की। खबर में बताया गया कि दीपा और उनकी मां सुमन पशुपालन करती हैं। हिंदू रक्षा दल की सपना अग्रवाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी। दोनों महिलाओं की शिकायत पर सपना और उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।”

सर्च के दौरान घटना से जुड़ी खबर हमें ‘भास्कर डॉट कॉम’ पर भी मिली। 4 अगस्त 2026 की इस खबर में वायरल वीडियो का भी इस्तेमाल किया गया है। खबर में बताया गया, कि गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में गाय को अपने घर ले जा रही दो महिलाओं के साथ सपना अग्रवाल नामक महिला और दो अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। खबर में पीड़िता का नाम दीपा और सुमन बताया गया है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘दैनिक जागरण’, मोदीनगर के 5 अगस्त 2026 के संस्करण को स्कैन किया। हमें घटना से जुड़ी एक खबर मिली। इस खबर में बताया गया कि गोकशी के शक में मां-बेटी को पीटने वाले हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों पर मोदीनगर थाने में केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि संगठन की अध्यक्ष सपना अग्रवाल समेत तीन लोगों ने सोमवार देर शाम मां-बेटी को ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़े। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो पुलिस ने मामले की जांच की और पता चला कि पीड़‍ित मां-बेटी हिंदू हैं। दोनों महिलाएं काफी समय से गोसेवा कर रही हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है।

5 अगस्त 2026 को दैनिक जागरण के मोदीनगर संस्करण में प्रकाशित खबर।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मोदीनगर के थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल पोस्ट गलत है। इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था। जिन महिलाओं के साथ मारपीट हुई है, वे हिंदू हैं। इनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।

क्या है संदर्भ?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 3 अगस्त 2026 की देर शाम मोदीनगर की दीपा अपनी मां सुमन के साथ गोवंश लेकर मुरादनगर जा रही थी। वाहन के लिए पैसे न होने के कारण दोनों पैदल ही गोवंश को लेकर मुरादनगर की ओर चल दीं। रास्ते में उन्हें सपना अग्रवाल समेत तीन आरोपितों ने रोका और गोकशी के लिए गोवंश ले जाने का आरोप लगाकर गाली-गलौज किया। दीपा व सुमन ने कहा कि वे गोवंश का पालन करती हैं इसलिए उन्हें मुरादनगर ले जा रही हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। आरोपितों ने उनके साथ मारपीट कर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाए। मां-बेटी को मुस्लिम बताकर उन्हें बेरहमी से पीटा भी गया। पुलिस जांच में पता चला कि गोकशी के लिए गोवंश ले जाने की बात निराधार है।

जांच के अंत में झूठा सांप्रदायिक दावा करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि यूजर को इंस्टाग्राम पर छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2018 को बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। गोतस्करी के आरोप में जिन महिलाओं की पिटाई हुई, वे सभी हिंदू हैं। आरोप भी झूठा साबित हुआ। पुलिस ने पिटाई करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

The post Fact Check: यूपी में गोतस्करी के आरोप में मुस्लिम नहीं, हिंदू महिलाओं की हुई पिटाई, FAKE है वायरल पोस्ट appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments