What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: वायरल तस्वीर में राहुल गांधी के साथ खड़े शख्स कांग्रेस विधायक, नीट पेपर लीक का आरोपी नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में राहुल एक शख्स के साथ खड़े हैं और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते हुए दिख रहे हैं। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी के साथ खड़ा व्यक्ति नीट पेपर लीक मामले का मुख्य आरोपी ‘शिवराज मोटेगांवकर’ है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल तस्वीर में राहुल गांधी के साथ दिख रहे व्यक्ति महाराष्ट्र के लातूर शहर से कांग्रेस के विधायक ‘अमित विलासराव देशमुख’ हैं। यह तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि 2014 में लातूर शहर में हुई एक चुनावी रैली के दौरान की है। विधायक अमित विलासराव देशमुख और राहुल गांधी की फोटो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘गौ रक्षक नीरज पांडेय’ ने 26 जुलाई 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “ ये जो राहुल गांधी जी के साथ दिख रहा है.. शिवराज मोटेगांवकर यही नीट पेपर लीक का एक मुख्य आरोपी है और इस समय जेल में हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को ‘गूगल रिवर्स इमेज सर्च’ के जरिए खोजा । हमें यह तस्वीर ‘gettyimages’ की वेबसाइट पर मिली। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, फोटो साल 2014 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित की गई एक रैली की है। इस फोटो को 8 अक्टूबर 2014 को तब खींचा गया था, जब लातूर के औसा में कांग्रेस उम्मीदवार अमित विलासराव देशमुख के लिए राहुल गांधी प्रचार करने पहुंचे थे।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से अमित विलासराव देशमुख के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को सर्च करना शुरू किया। हमें उनके आधिकारिक एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट मिले। बायो में मिली जानकारी के मुताबिक, वह लातूर शहर से कांग्रेस के विधायक हैं।

हमें ‘myneta’ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अमित विलासराव देशमुख के बारे में जानकारी मिली।

दोनों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने महाराष्ट्र ‘मिड-डे’ के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से भी संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। राहुल गांधी के साथ नजर आ रहे शख्स महाराष्ट्र के लातूर शहर के विधायक अमित विलासराव देशमुख हैं। 

क्या है संदर्भ?

शिवराज मोटेगांवकर लातूर में एक जानी-मानी कोचिंग के संस्थापक हैं। उन्होंने साल 2003 में इसकी शुरुआत की थी। नीट पेपर लीक मामले में नाम सामने आने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शिवराज मोटेगांवकर को पुणे से गिरफ्तार किया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है। 

आखिर में हमने गलत पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब 10 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को यूपी का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नीट पेपर लीक मामले के आरोपी के साथ खड़े होने के फर्जी दावे के साथ राहुल गांधी की तस्वीर वायरल की जा रही है। असल में उनके साथ नजर आ रहे व्यक्ति महाराष्ट्र के लातूर शहर के विधायक अमित विलासराव देशमुख हैं।

The post Fact Check: वायरल तस्वीर में राहुल गांधी के साथ खड़े शख्स कांग्रेस विधायक, नीट पेपर लीक का आरोपी नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments