What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: राजीव गांधी के साथ सूटकेस उठाए शख्स मल्लिकार्जुन खरगे नहीं, सिद्धार्थ रेड्डी हैं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इसमें देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और राहुल गांधी को देखा जा सकता है। तस्वीर में एक शख्स को दो सूटकेस लेकर राजीव गांधी के साथ चलते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि इसमें सूटकेस पकड़े शख्स वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हैं। इस दावे को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट फेक है। तस्वीर में खरगे नहीं हैं। तस्वीर में नजर आ रहे शख्स का नाम सिद्धार्थ रेड्डी है, जो राजीव गांधी के सहयोगी थे और उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी के सभी मामलों को देखते थे। हालांकि, अब वह जीवित नहीं हैं।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Raj Kumar Jha’ ने 20 अगस्त 2026 को एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “मल्लिकार्जुन खड़गे दोनों हाथों में सूटकेस लेकर राजीव और राहुल गाँधी के साथ। बचपन से ही राहुल ने खड़गे की भूमिका देखी है।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल तस्वीर की जांच करने के लिए सबसे पहले इसे गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया । हमें यह तस्वीर ‘राहुल गांधी’ के एक्स हैंडल पर मिली। 21 मई 2024 को इस तस्वीर को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “पापा, आपके सपने, मेरे सपने, आपकी आकांक्षाएं, मेरी ज़िम्मेदारियां। आपकी यादें, आज और हमेशा, दिल में सदा।”

सर्च के दौरान हमें एक्स पर ‘श्रीनिवासन’ नाम के एक यूजर का तस्वीर के साथ एक रिप्लाई मिला। 20 अगस्त 2026 को इस यूजर ने स्पष्ट किया कि तस्वीर में सूटकेस पकड़े शख्स मल्लिकार्जुन खरगे नहीं, बल्कि ‘सिद्धार्थ रेड्डी’ हैं। पोस्ट में बताया गया कि राजीव गांधी जब कांग्रेस के महासचिव थे, तब सिद्धार्थ रेड्डी उनके ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) थे। राजीव गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी का सारा कामकाज रेड्डी ही संभालते थे। कुछ साल पहले उनका निधन हो गया था।

विश्वास न्यूज ने अब तक मिले सबूतों के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाए और फिर इन्हें गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए सर्च किया। हमें ‘इंडिया टुडे’ की एक रिपोर्ट मिली। 19 जून 2014 को पब्लिश इस रिपोर्ट में बताया गया कि सिद्धार्थ रेड्डी आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे। वे 1981 में राजीव गांधी के राजनीतिक सलाहकारों और सहयोगियों की टीम में शामिल हुए थे। उस वक्त रेड्डी युवा कांग्रेस (आई) के कार्यकर्ता थे। कुछ वक्त के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश के अमेठी स्थित राजीव गांधी के लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बना दिया गया।

नीचे दिए गए कोलाज में साफ देखा जा सकता है कि इंडिया टुडे की रिपोर्ट में मौजूद शख्स और वायरल पोस्ट में दिख रहे शख्स, दोनों एक ही इंसान हैं।

कीवर्ड सर्च के दौरान हमें ‘टीवी9’ तेलुगू की एक खबर मिली। 11 जून 2021 की इस खबर में सिद्धार्थ रेड्डी के निधन के बारे में बताते हुए राजीव गांधी के साथ उनके रिश्ते पर प्रकाश डाला गया था।

अब हमें यह जानना था कि मल्लिकार्जुन खरगे युवावस्था के दिनों में कैसे दिखते थे? हमें खरगे की एक पुरानी एक्स पोस्ट मिली, जिसमें वह राजीव गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। 21 मई 2021 को पोस्ट की गई इस तस्वीर में नजर आ रहे शख्स और वायरल पोस्ट में दिख रहे शख्स के बीच जमीन-आसमान का अंतर नजर आया।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के सचिव प्रणव झा से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल तस्वीर में कहीं भी मल्लिकार्जुन खरगे नहीं हैं। तस्वीर में नजर आ रहे शख्स सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो राजीव गांधी के दोस्त और सहयोगी थे।

क्या है संदर्भ?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इन दिनों केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। उन्होंने जातिगत गणना को लेकर आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण खत्म करने की साजिश कर रही है इसीलिए जानबूझकर सरकारी पद खाली रखे जा रहे हैं और कॉन्ट्रैक्ट पर कर्मचारियों की भर्ती बढ़ाई जा रही है। वहीं दूसरी ओर, कई शहरों में चीनी के बढ़ते दाम के लिए भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा है।

जांच के अंत में फेक पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि इस फेसबुक यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2010 में बनाया गया था। यूजर झारखंड के रांची में रहता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। तस्वीर में सूटकेस उठाए हुए शख्स सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो राजीव गांधी के सहयोगी थे। पूर्व पीएम के संसदीय क्षेत्र अमेठी का सारा काम रेड्डी ही देखते थे। वायरल तस्वीर में कहीं भी मल्लिकार्जुन खरगे नहीं हैं।

The post Fact Check: राजीव गांधी के साथ सूटकेस उठाए शख्स मल्लिकार्जुन खरगे नहीं, सिद्धार्थ रेड्डी हैं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments