What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: नदी पार कर स्कूल जाते बच्चों का वीडियो यूपी का नहीं, उत्तराखंड का है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्‍ली में हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के छात्र आंदोलन के बाद स्कूलों की समस्याओं को लेकर बच्चों ने कई जगह प्रदर्शन किए हैं। उत्तर प्रदेश में भी स्कूलों में असुविधाओं और सड़कों की खराब हालत के विरोध में कई जगह बच्चों ने प्रदर्शन किए हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए नदी पार करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की स्वार तहसील का बताकर राज्‍य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो उत्तराखंड के टिहरी जिले का है। वहां सौंग नदी पर पुल नहीं होने के कारण कई गांवों के बच्चों को स्कूल जाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। उत्तराखंड के वीडियो को यूपी के रामपुर का बताकर अब शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Vinay Ratan Singh’ ने 18 अगस्त 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “जनपद रामपुर की तहसील स्वार के रुस्तम नगर में स्कूली बच्चों का गोगा नदी पार कर स्कूल जाने का यह दृश्य भाजपा सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत उजागर करता है। रामपुर में घूघा और पीलाखार नदी पर पुल न होने के कारण ग्रामीण आज भी लकड़ी और अन्य साधनों से बनाए गए अस्थायी पुलों के सहारे जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। बारिश के मौसम में ये अस्थायी पुल बह जाते हैं और कई गांवों का संपर्क टूट जाता है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई, किसानों की खेती, ग्रामीणों के आवागमन और स्थानीय कारोबार पर पड़ता है। सवाल है—जब जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी अपनी जान जोखिम में डालनी पड़े, तो यह कैसा विकास? विकास के नाम पर भाजपा ने सिर्फ अपने इंजनों की संख्या बढ़ाई है।”

Uttarakhand Children Cross River to School Video Not from UP

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘Mahipal Negi‘ ने 18 जुलाई 2026 को इस क्लिप का लंबा और क्लियर वर्जन पोस्ट किया था। जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के जौनपुर विकासखंड स्थित लोअर सकलाना में सौंग नदी का है। 2013 में यहां का पुल बह गया था। वीडियो में दिख रहे बच्चे राजकीय इंटर कॉलेज रंगड़गांव में पढ़ते हैं।

Uttarakhand News, Viral Video, Uttarakhand School Children, Viral River Crossing Video, UP News, UP viral video

फेसबुक पेज ‘All About Uttarakhand News‘ पर भी 16 जुलाई 2026 को अपलोड हुए इस वीडियो को देखा जा सकता है। यहां भी वीडियो को उत्तराखंड के टिहरी जिले का बताया गया है।

Uttarakhand News, Viral Video, Uttarakhand School Children, Viral River Crossing Video, UP News, UP viral video

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 18 जुलाई 2026 को इससे संबंधित खबर को पढ़ा जा सकता है। इसके अनुसार, ”विकासखंड जौनपुर के सौंग घाटी क्षेत्र में सौंग नदी पर पुल नहीं होने के कारण घुड़साल, लड़वाकोट, हल्द्वाडी, पसनी और बमेंडी समेत आसपास के कई गांवों के छात्र इंटर कॉलेज रंगड़गांव पहुंचने के लिए उफनती नदी रोजाना पार करने के लिए मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है।

Uttarakhand News, Viral Video, Uttarakhand School Children, Viral River Crossing Video, UP News, UP viral video

इस बारे में हमने देहरादून में दैनिक जागरण के समाचार संपादक देवेंद्र सती से भी संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो टिहरी जिले का है। वहां अभी भी यही स्थिति है।

क्या है संदर्भ?

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बच्चों ने स्कूलों की समस्याओं और सड़कों की खराब हालत के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं। यूपी के लखनऊ, उन्नाव, महोबा और हमीरपुर समेत कई जगहों से इस तरह के मामले सामने आए हैं।

उत्तराखंड के वीडियो को यूपी का बताने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। सहारनपुर के रहने वाले फेसबुक यूजर के करीब एक लाख 23 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: नदी पार कर स्कूल जाते छात्रों का वीडियो उत्तराखंड के टिहरी जिले का है। इसका यूपी के रामपुर से कोई संबंध नहीं है।

The post Fact Check: नदी पार कर स्कूल जाते बच्चों का वीडियो यूपी का नहीं, उत्तराखंड का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments