What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: टीवी शो रोडीज में नहीं गए थे CJP फाउंडर अभिजीत दिपके, पुराना वीडियो गलत दावे के साथ वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके के नाम पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि टीवी शो ‘रोडीज’ के ऑडिशन के दौरान जज रघु राम ने अभिजीत दिपके को गाली देकर भगा दिया था। इस पोस्ट में किए गए दावे को सच मानकर कई यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह दावा फर्जी साबित हुआ। वायरल पोस्ट टीवी शो रोडीज के एक पुराने ऑडिशन से जुड़ी हुई है। इसका वीडियो भी गलत दावे के साथ वायरल है। इस पोस्ट का अभिजीत दिपके से कोई संबंध नहीं है। खुद रोडीज के पूर्व जज रघु राम ने इसका खंडन किया है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर Shivpratap Maurya ने 15 जून 2026 को एक पोस्ट में दावा किया, “CPJ का फाउंडर मेन कॉकरोच अभिजीत दिपके का रोडिज ऑडिशन का पुराना वीडियो ऑनलाइन अभिजीत दीपके बोल रहा गलती तो सबसे होती रोडीज ने तो इसको गाली देकर मां बहन पर एक कर दी थी ये वायरल तो बनता है न अब..? वीडियो कमेंट में।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल पोस्ट को स्कैन किया। इस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में वीडियो का लिंक दिया गया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि शो के जज रघु किसी शख्स को गाली देते हुए बाहर भगा रहे हैं। इस वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकालकर हमने गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन एक फेसबुक पेज पर मिला। ‘The Crazzy Wave’ नाम के फेसबुक पेज ने इस वीडियो को 3 फरवरी 2018 को अपलोड किया था।

2:25 मिनट के इस वीडियो में ऑडिशन दे रहे शख्स का नाम सुमित बताया गया। इसके आधार पर हमने कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए और अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश की। पड़ताल के दौरान हमें सुमित का एक वीडियो मिला। ‘सुमित सूर्यवंशी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को 11 जनवरी 2012 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो में सुमित को अपने साथ हुई घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए सुना जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए रोडीज के जज रघु के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल को चेक किया। वहां हमें 13 जून 2026 का उनका एक वीडियो मिला। इसमें रघु को वायरल वीडियो की सच्चाई बताते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मुझे बताया जा रहा है कि रोडीज का मेरा एक पुराना इंटरव्यू ट्रेंड कर रहा है, जिसमें मैं एक लड़के पर भड़क रहा हूं, उसे धक्का दे रहा हूं। लोग कह रहे हैं कि वह कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके का इंटरव्यू है। यह फेक है। मैं उनसे कभी मिला ही नहीं हूं।”

जांच के दौरान विश्वास न्यूज ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रवक्ता विजेता दहिया से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल पोस्ट फर्जी है। रघु ने खुद अपने हैंडल पर इसकी सच्चाई बताई है।

क्या है संदर्भ?

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ देशभर में प्रदर्शन आयोजित कर रही है। 6 जून 2026 को पहली बार ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके और उनके समर्थकों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद लखनऊ, पुणे, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद में प्रदर्शन किए जा चुके हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के अनुसार, देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जून 2026 को एक बार फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

जांच के अंत में शिव प्रताप मौर्या के फेसबुक अकाउंट की जांच की गई। इसी अकाउंट से यह फर्जी पोस्ट की गई थी। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यूजर को 14 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट नवंबर 2010 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। वायरल वीडियो में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके नहीं हैं। सुमित नाम के एक शख्स के ऑडिशन वीडियो को अभिजीत दिपके का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। रोडीज के पूर्व जज रघु ने खुद इसका खंडन किया है।

The post Fact Check: टीवी शो रोडीज में नहीं गए थे CJP फाउंडर अभिजीत दिपके, पुराना वीडियो गलत दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments