What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: ‘खान सर’ के पुराने इंटरव्यू की क्लिप पटना फायरिंग मामले से जोड़कर वायरल, भ्रामक है दावा

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार की राजधानी पटना के ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ परिसर के पास हवाई फायरिंग के मामले में कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ ‘खान सर’ और उनके सुरक्षा गार्ड के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल इस मामले में पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दिया है।

इसी बीच अब एक वीडियो वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि खान सर का यह इंटरव्यू हाल की फायरिंग की घटना के बाद का है। इसमें खान सर को मीडिया पर सवाल खड़ा करते हुए और अपने फरार होने के सवाल पर जवाब देते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को खान सर का नया बयान मानकर वायरल कर रहे हैं।

सच्चाई यह है कि वायरल वीडियो पुराना है। अगस्त 2024 के इंटरव्यू के एक हिस्से को अब गलत संदर्भ के साथ वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘चन्द्र अखिलेश अखिल’ ने 10 जून 2026 को वायरल वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “मीडिया वालों ने बहुत झूठी खबर फैलाई थी कि खान सर फरार हो गए हैं। सुनिए खान सर खुद को क्या बोल रहे हैं….।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें इंटरव्यू लेने वाले शख्स की माइक के ऊपर ‘काबिल न्यूज’ लिखा हुआ नजर आया। इसके आधार पर हमने इस नाम के यूट्यूब चैनल को सर्च किया। ‘काबिल न्यूज’ यूट्यूब चैनल पर 4 अगस्त 2024 को खान सर का एक विस्तृत इंटरव्यू अपलोड किया गया था। जांच में पता चला कि करीब 17 मिनट के इंटरव्यू के प्रीव्यू वाले भाग को एडिट करके अब वायरल किया गया है।

विश्वास न्यूज ने वायरल क्लिप और असली वीडियो का तुलनात्मक अध्ययन किया। वायरल क्लिप का बैकग्राउंड, खान सर की वेशभूषा और पत्रकार के कपड़े जैसी समानताएं हमें असली वीडियो में भी दिखीं।

जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया गया। सर्च के दौरान हमें पता चला कि जुलाई 2024 में खान सर और उनके कोचिंग संस्थान को लेकर बड़ा मुद्दा हुआ था। 31 जुलाई 2024 को ‘एबीपी न्यूज’ की वेबसाइट पर पब्लिश एक खबर में बताया गया कि दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान की लाइब्रेरी में तीन छात्रों की मौत हो गई थी। इसके बाद देशभर में अवैध तरीके से चल रहे कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई हुई थी। उसी क्रम में पटना में कोचिंग संस्थानों पर एसडीओ टीम ने छापा मारा था। खबर में यह भी बताया गया कि खान सर के कोचिंग इंस्टीट्यूट में ताला लगा हुआ पाया गया था। वहां के गार्ड ने बताया था कि कोचिंग संस्थान के मालिक ने कहा कि ताला लगा दीजिए और अगर बच्चे आते हैं तो उन्हें कह दीजिए कि फिलहाल कोचिंग बंद है।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान ‘दैनिक जागरण’, पटना के संस्करण को खंगाला। 11 जून 2026 की एक खबर में बताया गया, “पटना हाईकोर्ट ने चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी को रद करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। न्यायाधीश चन्द्रशेखर झा की अवकाशकालीन पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को अपना पक्ष रखने के लिए चार सप्ताह का समय दिया। याचिकाकर्ता की ओर से दायर याचिका में प्राथमिकी को निरस्त करने का अनुरोध किया गया है। यह प्राथमिकी 5 जून, 2026 को पटना के कदमकुआं थाने में फैजल खान उर्फ खान सर तथा उनके सुरक्षा गार्ड के विरुद्ध दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पटना सिविल कोर्ट ने फिलहाल खान की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा रखी है।”

पूरी खबर को नीचे पढ़ा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने जांच के अगले चरण में काबिल न्यूज के फाउंडर रविरंजन राय से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। 2024 के पुराने इंटरव्यू के एक हिस्से को अब वायरल किया गया है।

क्या है संदर्भ?

पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में खान सर के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के बाहर 2 जून 2026 की रात को बवाल हुआ था और बाद में फायरिंग की भी खबर आई थी। पुलिस ने ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान’ के डायरेक्टर रोशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने खान सर के दो गार्ड्स को गिरफ्तार किया। बाद में पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर लिया। कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल अंतरिम रोक लगा दिया है।

‘लल्लनटॉप डॉट कॉम’ की 9 जून 2026 की खबर में बताया गया कि कोर्ट की ओर से खान सर को अग्रिम जमानत मिल गई है, जबकि रौशन आनंद की याचिका खारिज कर दी गई है। रौशन, ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक हैं। 2 जून 2026 को पटना में हुए फायरिंग केस में बाद खान सर और उनके दो गार्डों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से इस मामले में जवाब तलब किया है।

पड़ताल के अंतिम चरण में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर ‘चन्द्र अखिलेश अखिल’ की प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि इस यूजर को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है और यह अकाउंट अक्टूबर 2008 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। अगस्त 2024 के इंटरव्यू के एक हिस्से को खान सर का वर्तमान बयान बताकर वायरल किया गया है।

The post Fact Check: ‘खान सर’ के पुराने इंटरव्यू की क्लिप पटना फायरिंग मामले से जोड़कर वायरल, भ्रामक है दावा appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments