नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 6 जून 2026 को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के नाम पर अब छह सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वीडियो में ‘आजादी’ के नारे भी सुने जा सकते हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। हमारी पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो एआई-एडिटेड है। यह सही है कि 6 जून 2026 के सीजेपी के प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर हजारों की तादाद में लोग जुटे थे, लेकिन वायरल वीडियो फेक है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sansar Tak’ ने 7 जून 2026 को वायरल वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “O..My God इतनी भीड़ तो किसी नेता मंत्री के रैली में भी नहीं होती होगी। कुछ भी हो लेकिन एक नौजवान ने आज देश की राजधानी को हिला डाला !! Biggest crowd at jantar mantar protest.”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें। इस वीडियो की सत्यता जानने के लिए एक यूजर ने इसे हमारे Whatsapp Tipline (+91 9599299372) नंबर पर भी भेजा।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले छह सेकंड के वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें जंतर-मंतर वेधशाला के अंदर प्रदर्शनकारियों की भीड़ नजर आई, जबकि ऐसा संभव नहीं है। वेधशाला के अंदर प्रदर्शनकारियों की एंट्री संभव नहीं थी। जंतर-मंतर यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यह प्रदर्शन स्थल के पास स्थित है। इसे 1724 में जयपुर के महाराजा जय सिंह द्वितीय ने बनवाया था। यहां टिकट के द्वारा ही प्रवेश दिया जाता है।
दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए बकायदा एक जगह तय है। इसी स्थान पर प्रदर्शन होता है। यहां प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से इजाजत लेनी होती है। इसके लिए बकायदा पुलिस की गाइडलाइन है। नीचे गूगल मैप के स्क्रीनशॉट में उस जगह को देखा जा सकता है, जबकि जंतर-मंतर वेधशाला का एंट्री गेट दूसरी ओर है। जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल और वेधशाला के बीच में टॉलस्टॉय मार्ग है, जहां किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की इजाजत नहीं है।

हमने जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें यही वीडियो ‘Mohsin Sultan’ नाम के एक वेरिफाइड इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। इसे 6 जून 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो के कमेंट में बड़ी संख्या में लोगों ने इसे एआई से बनाया हुआ बताया। हालांकि, हैंडल पर इसे AI लेबल के साथ पोस्ट किया गया है। जिसका मतलब हुआ कि कंटेंट को पूरा या उसके कुछ हिस्से को बनाने या उससे बेहतर करने में एआई का इस्तेमाल हुआ है।

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली। हमने वायरल वीडियो के कई स्क्रीनशॉट निकाले। दो स्क्रीनशॉट को ‘हाइव मॉडरेशन’ टूल पर इसे स्कैन किया गया। इसके एनालिसिस में वायरल वीडियो के 70.2% एआई से बनाए जाने की अधिकतम संभावना की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान एक अन्य एआई डिटेक्शन टूल ‘Sight Engine’ का भी इस्तेमाल किया गया। इस टूल के नतीजों ने भी वायरल वीडियो के 99 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावना जताई। इसके लिए भी हमने स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया।

वायरल पोस्ट को लेकर एआई एक्सपर्ट अजहर मचावे से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि यदि फोटो को जूम करके देखा जाए तो वीडियो में कई आकृतियां एक ही जैसी दिखेंगी। एआई इमेज में अलग से आवाज जोड़कर इस वीडियो को बनाया गया है।
क्या है संदर्भ?
6 जून 2026 को शनिवार के दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने प्रदर्शन किया था। इसमें देशभर के हजारों युवाओं ने भाग लिया था। प्रदर्शनकारी नीट-यूजी पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। ‘भास्कर डॉट कॉम’ की 6 जून 2026 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि 13 जून को जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन किया जाएगा।
आजतक न्यूज चैनल के अनुसार, हजारों की तादाद में युवाओं ने इस प्रदर्शन में भाग लिया।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। ‘Sansar Tak’ नाम के इस पेज को 758 लोग फॉलो करते हैं। यह पेज दिल्ली से संचालित होता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह साबित हो गया कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के नाम पर फर्जी वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
The post Fact Check: दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन के नाम पर AI-एडिटेड वीडियो हुआ वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments