What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: रक्षा मंत्री ने नहीं कही धार्मिक स्थलों के धन को PM केयर्स फंड में जमा करवाने की बात, दैनिक जागरण का एडिटेड पोस्टकार्ड वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में उपजे तनाव के बाद कई देशों को ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से ईंधन की बचत करने और विदेशी मुद्रा की बचत के लिए एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।

अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक कथित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल पोस्टकार्ड में राजनाथ सिंह की तस्वीर के साथ दावा किया गया है कि उन्होंने मंदिरों और मस्जिदों से पैसे लेकर पीएम केयर्स फंड में जमा करवाने की बात कही है। 

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि राजनाथ सिंह ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल पोस्टकार्ड फेक है। ‘जागरण डॉट कॉम’ के सोशल मीडिया टेंपलेट को एडिट कर रक्षा मंत्री का फेक बयान जोड़ दिया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘विद्रोही किसान’ ने 9 जून 2026 को एक पोस्टकार्ड शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर राजनाथ सिंह की तस्वीर के साथ लिखा है, “मन्दिर और मस्जिदों मे जीतना भी पैसा है वो सारा पैसा PM केयर फंड में जमा करवा देना चाहिए इस समय देश को उन पैसों की जरूरत है।

rajnath singh pm cares fund, rajnath singh viral statement, rajnath singh news, pm cares fund, fact check news

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। अगर राजनाथ सिंह ने वायरल पोस्टकार्ड जैसा कोई बयान दिया होता, तो वह सुर्खियों में जरूर आता।

हमने वायरल पोस्टकार्ड को गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया, तो ‘दैनिक जागरण’ के इंस्टाग्राम हैंडल से 5 जून 2026 को की गई एक पोस्ट हमें मिली। इसमें राजनाथ सिंह की तस्वीर के साथ लिखा है, “संकल्प निश्चित रूप से होगा पूरा, भारत का हिस्सा बनेगा PoK। लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान।” पोस्ट के अनुसार, राजनाथ सिंह ने यह बयान 5 जून 2026 को लखनऊ में आयोजित जगद्गुरु रामभद्राचार्य की रामकथा में दिया था।

rajnath singh pm cares fund, rajnath singh viral statement, rajnath singh news, pm cares fund, fact check news

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 6 जून 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “लखनऊ में श्रीराम कथा कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि अगर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ दो दिन और चलता तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) भारत का हिस्सा होता। उस दौरान पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया था। उन्होंने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से भी यह इच्छा जताई थी।”

rajnath singh pm cares fund, rajnath singh viral statement, rajnath singh news, pm cares fund, fact check news

वायरल पोस्टकार्ड और दैनिक जागरण के इंस्टाग्राम हैंडल से की गई पोस्ट में केवल राजनाथ सिंह का बयान अलग है, बाकी सब एक जैसा है।

rajnath singh pm cares fund, rajnath singh viral statement, rajnath singh news, pm cares fund, fact check news

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण डिजिटल’ के मैनेजिंग एडिटर अनिल पांडे से संपर्क किया। उन्होंने इसे फेक बताया।

इससे यह साबित होता है कि वायरल पोस्टकार्ड फेक है।

क्या है संदर्भ?

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए एक साल तक सोना नहीं खरीदने और खाने के तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील लोगों से की थी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने ईंधन की बचत करने की भी देशवासियों से अपील की थी। ‘बीबीसी’ की वेबसाइट पर 10 मई 2026 को छपी रिपोर्ट में इस जानकारी को पढ़ा जा सकता है।

बता दें कि 28 फरवरी 2026 को पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू हुआ था। इसके बाद अप्रैल में युद्धविराम हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार है। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की वेबसाइट पर 10 जून 2026 को दी गई जानकारी के अनुसार, “अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी हेलीकॉप्टर को मार गिराने का आरोप लगाया है। इसके बाद 10 जून को अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, उनकी वायु सेना और नौसेना के जेट विमानों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी एयर डिफेंस, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और सर्विलांस रडार साइटों पर हमले किए। इसके पहले इजरायल ने 9 जून को दक्षिणी लेबनान पर फिर से हमले किए थे।”

जांच के अंत में फेक पोस्टकार्ड शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूपी के उन्नाव के रहने वाले फेसबुक यूजर के करीब 12 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंदिरों व मस्जिदों से पैसा लेकर पीएम केयर्स फंड में जमा करवाने वाला बयान नहीं दिया है। जागरण डॉट कॉम के पोस्टकार्ड को एडिट करके गलत दावा किया जा रहा है।

The post Fact Check: रक्षा मंत्री ने नहीं कही धार्मिक स्थलों के धन को PM केयर्स फंड में जमा करवाने की बात, दैनिक जागरण का एडिटेड पोस्टकार्ड वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments