नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार की राजधानी पटना के ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ परिसर के पास हवाई फायरिंग के मामले में कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ ‘खान सर’ के दो निजी सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। खान सर के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। 4 जून 2026 को इस मामले को लेकर खान सर से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
इसी बीच अब एक वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि इस मामले में खान सर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो में उन्हें पुलिस के साथ देखा जा सकता है। पोस्ट को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। हमारी जांच में पता चला कि वायरल पोस्ट भ्रामक है। वायरल वीडियो एक साल पुराना है। दिसंबर 2024 में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान के एक वीडियो को वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Narayan Singh’ ने 5 जून 2026 को वायरल वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “बिहार को अपने बाप की जागीर समझने वाला बिहार के युवाओं को भड़काकर सरकार को ब्लैकमेल करने वाला खान सर उर्फ़ फैसल खान गिरफ्तार। अभी तो पार्टी शुरू हुई है।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें कई लोग जैकेट पहने हुए दिखाई दिए, जबकि जून महीने में जैकेट पहनने का कोई तुक समझ में नहीं आया। इससे हमें वीडियो के पुराने होने का शक हुआ।
वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के यूट्यूब चैनल पर असली वीडियो 6 दिसंबर 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। इसमें वायरल वीडियो वाले हिस्से को भी देखा जा सकता है।
उस वक्त कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि बिहार में दिसंबर 2024 में बीपीएससी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान खान सर को हिरासत में लिया गया था। आजतक की वेबसाइट पर 7 दिसंबर 2024 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि बीपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान कोचिंग संचालक खान सर को हिरासत में लिया गया था। एक घंटे बाद खान सर समेत कुछ अन्य लोगों को छोड़ दिया गया था। बीपीएससी की परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन को लेकर यह विरोध प्रदर्शन हुआ था।
हालांकि, पटना पुलिस की ओर से 7 दिसंबर 2024 की सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया था, “खान सर को गिरफ्तार नहीं किया गया है। दिनांक 06.12.24 को BPSC अभ्यर्थियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी क्रम में कोचिंग संचालक खान सर स्वयं गर्दनीबाग थाना आकर वहां उपस्थित मजिस्ट्रेट से मिले, और छात्रों को समझाने का आश्वासन दिया, तत्पश्चात उनके आग्रह पर कि उन्हें उनकी गाड़ी तक सुरक्षित छोड़ दिया जाए, इसके लिए उन्हें पुलिस वाहन से अटल पथ के पास सुरक्षित उनकी गाड़ी के पास छोड़ दिया गया। पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी की खबरों का खंडन करती है।”
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान ‘दैनिक जागरण’, पटना के संस्करण को खंगाला। 5 जून 2026 की एक खबर में बताया गया, “खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के सामने हवाई फायरिंग का एक वीडियो गुरुवार की सुबह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो में कोचिंग संचालक फैजल खान का बॉडीगार्ड 315 बोर की मॉडिफाइड राइफल से फायरिंग करता दिख रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके दोनों निजी सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने कोचिंग संचालक खान सर से भी पूछताछ की है। मामले में पटना पुलिस की शुरुआती जांच भी सवालों के घेरे में आ गई है। खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु संस्थान के निदेशक रौशन आनंद, अभिषेक कुमार व गौरव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस वक्त पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर बयान जारी कर कहा था कि जांच में फायरिंग की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई थी। गुरुवार की सुबह फायरिंग का लाइव वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।” पूरी खबर को नीचे पढ़ा जा सकता है।

4 जून 2026 को ‘न्यूज 18’ हिंदी ने अपनी खबर में लिखा, “चर्चित शिक्षक और यूट्यूब एजुकेटर खान सर एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। जानकारी के मुताबिक, उनके गार्ड द्वारा कथित तौर पर फायरिंग किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फैजल खान से पूछताछ शुरू कर दी गई है।”
जागरण डॉट कॉम की 5 जून 2026 की खबर में बताया गया कि खान सर कोचिंग पर हमले का मामला नया मोड़ लेता जा रहा है। पहले खान सर उर्फ फैजल खान ने हमले की एफआईआर ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर पर दर्ज कराई गई थी। अब पटना पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम भी जोड़ दिया है। कदमकुआं थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य आरोपों में खान सर को नामजद किया गया है।
विश्वास न्यूज ने दैनिक जागरण, पटना के चीफ रिपोर्टर जय शंकर बिहारी से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने बताया कि खान सर का वायरल वीडियो पुराना है।
क्या है संदर्भ?
जागरण डॉट कॉम की 5 जून 2026 की खबर के अनुसार, पटना पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम भी जोड़ दिया है। कदमकुआं थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य आरोपों में खान सर को नामजद किया गया है।
इससे पहले, फायरिंग के मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु संस्थान के निदेशक रौशन आनंद, अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। अब 4 जून 2026 को खान सर के दो सुरक्षाकर्मियों प्रदीप कुमार और शालेश्वर प्रसाद पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में खान सर से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
पड़ताल के अंतिम चरण में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर नारायण सिंह के प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यूजर को 12 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर बिहार के रामगढ़ का रहने वाला है। एक राजनीतिक दल से जुड़े इस यूजर ने यह अकाउंट फरवरी 2022 में बनाया था।
निष्कर्ष: 2024 के प्रदर्शन के दौरान के वीडियो को अब फायरिंग केस से जोड़ते हुए भ्रामक दावे के साथ वायरल किया गया है। फायरिंग केस में वर्तमान में खान सर से पूछताछ हुई है। इस मामले के एफआईआर में उनका नाम भी जोड़ा गया है। इसके अलावा उनके दो गार्ड पर भी केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
खबर लिखे जाने तक (5 जून, शाम 5 बजे) खान सर से केवल पूछताछ की गई है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनके दो गार्ड को गिरफ्तार किया गया है।
The post Fact Check: फायरिंग मामले में ‘खान सर’ की गिरफ्तारी के नाम पर पुराना वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments