नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक सरकारी स्कूल में पढ़ते बच्चों का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र बेंच पर बैठकर पढ़ रहे हैं, तभी उनके ऊपर एक पंखा टूटकर गिर जाता है। इस वीडियो को भारत के स्कूल में हुई घटना का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो नेपाल में हुई एक घटना का है, जिसे अब गलत दावे के साथ भारत का बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘The News Basket’ ने 25 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मोदी जी की सरकार है इसलिए सिर्फ पंखा गिरा है वरना तो हवाई जहाज गिर जाता, देश हित में क्या गरीब के तीन बच्चे एक पंखे से चोट भी नहीं खा सकते।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘24 Ghanta Nepal’ नाम के एक फेसबुक पेज पर मिली। इस पोस्ट को 21 मई 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, यह वीडियो नेपाल के एक स्कूल में हुई घटना का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी न्यूज रिपोर्ट्स नेपाली वेबसाइट ‘choicekhabar’ और ‘prakashdainik’ पर प्रकाशित मिलीं। इन रिपोर्ट्स को 7 मई 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो नेपाल के बीरगंज के एक स्कूल का है। दरअसल, सिद्धार्थ स्कूल में जब बच्चे क्लास में पढ़ रहे थे, उसी दौरान उनके ऊपर पंखा टूटकर गिर गया था और सात बच्चे घायल हो गए थे। घायल बच्चों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने काठमांडू के पत्रकार अनुज अरोरा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो नेपाल के एक स्कूल में हुए हादसे का है। इस हादसे में कई बच्चे घायल भी हुए थे।
क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि इस तरह के हादसे भारत के सरकारी स्कूलों में भी देखने को मिले हैं। करीब दो महीने पहले राजस्थान में बाड़मेर के सरकारी स्कूल में भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। वहां अचानक एक पंखा टूटकर छात्रों के ऊपर गिर गया था। इस हादसे में दो छात्र घायल हो गए थे। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 15 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्कूल में पढ़ते बच्चों पर पंखा गिरने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो नेपाल में हुई एक घटना का है, जिसे अब गलत दावे के साथ भारत का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: स्कूल में पढ़ते बच्चों पर पंखा गिरने का वायरल वीडियो नेपाल का, भारत का नहीं appeared first on Vishvas News.
0 Comments