नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिकी सेना ने ईरान में अपने एक लड़ाकू विमान के लापता क्रू मेंबर (चालक दल का सदस्य) को बचा लिया है। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर ईरान से सुरक्षित बाहर निकाले गए अमेरिकी F-15E लड़ाकू विमान के क्रू मेंबर की है।
ईरान में मार गिराए गए F-15E लड़ाकू विमान के दोनों क्रू मेंबर्स (पायलट और वेपन सिस्टम्स ऑफिसर) को एक हाई-रिस्क रेस्क्यू ऑपरेशन (खतरनाक बचाव अभियान) में सुरक्षित बचा लिया गया। इस दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीर एआई-क्रिएटेड है, जिसे गूगल एआई की मदद से बनाया गया है। गौरतलब है कि लड़ाकू विमान के गिरने के बाद घायल वेपन सिस्टम्स ऑफिसर (विमान में सवार हथियार प्रणाली अधिकारी) को ईरान से बाहर निकालने के लिए अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने एक साहसी मिशन को अंजाम दिया।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘July Gaytan’ ने 6 अप्रैल 2026 को वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा, “Here is the photo of the U.S. airman being rescued yesterday in Iran.”
(“यह उस अमेरिकी एयरमैन की तस्वीर है, जिसे कल ईरान में बचाया गया था।”)
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
अमेरिकी वायुसेना के F-15E स्ट्राइक ईगल विमान को ईरान में मार गिराया गया था, जिसमें पायलट और वेपन सिस्टम्स ऑफिसर समेत कुल दो सदस्य सवार थे। पायलट को शुरुआत में ही बचा लिया गया था, लेकिन दूसरा क्रू मेंबर घायल हालत में ईरान में ही छिपा रहा। उसे निकालने के लिए अमेरिका ने एक साहसिक सैन्य अभियान की शुरुआत की। अंतत: अमेरिका ने इस अधिकारी को भी ईरान से बाहर निकाल लिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस लड़ाकू विमान के क्रू मेंबर को बचाने के लिए चलाए गए ‘साहसिक और जोखिम भरे’ बचाव अभियान की पुष्टि भी की थी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक लंबे पोस्ट में पायलट को बचाने के बारे में पूरी जानकारी दी, जिसे व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर किया गया था।
हालांकि, हमें किसी भी रिपोर्ट में अमेरिकी एयर फोर्स के इन दोनों अधिकारियों की कोई तस्वीर नहीं मिली, जिससे वायरल तस्वीर के एआई-जनरेटेड होने का संदेह पैदा हुआ।
इसलिए हमने इस तस्वीर को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। सिंथआईडी की एनालिसिस इस तस्वीर के गूगल एआई की मदद से बनाए जाने (कॉन्फिडेंस स्कोर: बेहद अधिक) की पुष्टि करती है।
इस एनालिसिस के मुताबिक, इस तस्वीर के पूरे हिस्से में सिंथआईडी के डिटेक्ट होने की पुष्टि होती है। सिंथआईडी (SynthID) गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार किए गए किसी भी AI-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उसे पहचानने का एक टूल है।
अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने इसे एक और डीपफेक डिटेक्शन टूल की मदद से चेक किया। ‘हाइव मॉडरेशन’ की एनालिसिस भी इस तस्वीर के ‘Gemini’ से बनाए जाने की अधिकतम संभावना (100 फीसदी) की पुष्टि करती है।
हमारी जांच से यह स्पष्ट है कि वायरल तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है।
क्या है संदर्भ?
हाल ही में ईरान ने एक अमेरिकी F-15E लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इस विमान में दो क्रू मेंबर सवार थे और दोनों ही विमान से बाहर निकल गए थे। इनमें से एक को अमेरिकी सेना पहले ही बचा चुकी थी।
बीबीसी हिंदी की रिपोर्ट के मुताबिक, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह बचाव अभियान अमेरिकी सेना के इतिहास में सबसे साहसी तलाश और बचाव अभियानों में से एक था।”
‘acleddata.com’ पर मौजूद ईरान संकट इंडेक्स के मुताबिक, ”28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की शुरुआत की थी। हालांकि, पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान दो हफ्ते के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी है।
वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 40 हजार लोग फॉलो करते हैं। ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: ईरान से अमेरिकी पायलट को सुरक्षित निकाले जाने के दावे से वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि गूगल एआई की मदद से बनाई गई है। गौरतलब है कि ईरान ने अमेरिका के एक लड़ाकू विमान F-15E स्ट्राइक ईगल को मार गिराया था। इसमें एक पायलट और एक वेपन सिस्टम्स ऑफिसर सवार थे। इस विमान के पायलट को कुछ ही समय बाद बचा लिया गया था, लेकिन वेपन सिस्टम्स ऑफिसर लापता था, जिन्हें बाद में ईरान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
The post Fact Check: ईरान से US पायलट के सुरक्षित निकाले जाने के दावे से वायरल तस्वीर गूगल AI की मदद से बनाई गई है appeared first on Vishvas News.
“WE GOT HIM! My fellow Americans, over the past several hours, the United States Military pulled off one of the most daring Search and Rescue Operations in U.S. History, for one of our incredible Crew Office Members, who also happens to be a highly respected Colonel, and who I…
0 Comments