What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: श्रीगंगानगर मामले में पीड़िता की मौत के दावे के साथ वायरल हुआ उत्तराखंड का पुराना और असंबंधित वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की एक नाबालिग बच्ची के साथ हुई कथित रेप की घटना से जोड़कर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस एम्बुलेंस में एक शव लेकर जा रही है। दावा किया जा रहा है कि श्रीगंगानगर रेप पीड़िता की मौत हो गई है और यह उसी का शव है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। असल में वायरल वीडियो उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर का है। दरअसल, यहां के जसपुर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ कथित रेप कर उसकी हत्या कर दी गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है, जिसे अब श्रीगंगानगर रेप केस से जोड़कर वायरल किया जा रहा है। श्रीगंगानगर मामले में पुलिस ने भी पीड़िता की मौत के दावे का खंडन किया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Bijay Kumar’ ने 6 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “13 साल की मासूम जिसे 30 दरिंदो ने नोच खाया था जिंदगी से जंग लड़ते-लड़ते हार गई #rajstanj अब इंसाफ तो यही कहता है कि जैसे वो तड़प तड़प कर मरी है ,उसके गुनहगारों को फास्ट कोर्ट के जरिए तुरंत फांसी हो नही तो न्याय पर से विस्वास उठ जाएगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘Abubakar Mäkrænì’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिली। यूजर ने 17 सितंबर 2025 को ‘न्यूज 24’ के वीडियो को शेयर किया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में 13 साल की नाबालिग के साथ हुए कथित रेप और हत्या की घटना का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट ‘एबीपी गंगा’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। इस रिपोर्ट को 17 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। रिपोर्ट में वायरल वीडियो वाले हिस्से को 9 सेकंड पर देखा जा सकता है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। वीडियो में काशीपुर के सीओ दीपक सिंह का बयान भी मौजूद है। उन्हें कहते हुए देखा जा सकता है कि पुलिस को अमियावाला गांव के एक खेत में नाबालिग का शव मिला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पड़ताल के दौरान हमें यह वीडियो इसी जानकारी के साथ ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 17 सितंबर 2025 को शेयर किया हुआ मिला।

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक अन्य न्यूज रिपोर्ट ‘आजतक’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 17 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की एक नाबालिग लड़की का शव गन्ने के खेत में मिला। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया था। 

‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर 17 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “उधम सिंह नगर के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी राजीव कुमार (20) को घटना के 12 घंटे के अंदर जसपुर इलाके के अमियावाला गांव से गिरफ्तार कर लिया गया था।

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है। 

जांच के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक पोस्ट श्रीगंगानगर पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी मिली। इसे 8 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। पोस्ट में नाबालिग की मौत की खबरों को अफवाह बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि इस तरह की फर्जी पोस्ट्स शेयर करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। कैप्शन में लिखा है, “जिला श्रीगंगानगर में नाबालिग बालिका दुष्कर्म प्रकरण से संबंधित सोशल मीडिया पर श्रीगंगानगर के नाम से जो वीडियो वायरल किये जा रहे हैं, वह पूरी तरह झूठ और भ्रामक हैं। *पीड़िता सकुशल है, अपने परिवार के पास सुरक्षित है। इन वायरल वीडियो का श्रीगंगानगर जिला के प्रकरण से कोई संबंध नहीं है।* कृपया बिना जांचे ऐसी संवेदनशील अफवाहें, वीडियो, पोस्ट, मैसेज सोशल मीडिया पर न फैलाएं। किसी भी चैनल या सोशल मीडिया अकाउंट द्वारा पीड़िता की पहचान उजागर, मृत्यु, रोते हुए या गलत वीडियो/पोस्ट अपलोड करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। *श्रीगंगानगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि पीड़िता से संबंधित कोई भी झूठा, भ्रामक वीडियो, पोस्ट, रील, फोटो साझा न करें। अफवाहों से बचें, संवेदनशीलता दिखाएं और जिम्मेदार नागरिक बनें।”

अधिक जानकारी के लिए हमने राजस्थान के स्वतंत्र पत्रकार संतोष पांडे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि श्रीगंगानगर दुष्कर्म मामले की पीड़िता की मौत का वायरल दावा गलत है। पुलिस ने भी इसका खंडन किया है।

क्या है संदर्भ?

राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का संवेदनशील मामला सामने आया है। न्यूज रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता अपनी एक दोस्त से मिलने के लिए श्रीविजयनगर गई हुई थी। फिर एक ई-रिक्शा चालक ने नाबालिग को बहलाकर उसे घर छोड़ने का भरोसा दिलाया, लेकिन आरोपी ने लड़की को बेच दिया। चार होटलों में पीड़िता के साथ 32 लोगों ने कई दिनों तक दुष्कर्म किया और जबरन उसे शराब भी पिलाई गई। पुलिस और जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन होटलों को ध्वस्त कर दिया है। अभी तक इस मामले में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को ओडिशा का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि श्रीगंगानगर मामले में दुष्कर्म पीड़िता की मौत को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो 2025 में उत्तराखंड में एक नाबालिग के साथ रेप कर उसकी हत्या करने से संबंधित है। श्रीगंगानगर पुलिस ने भी पीड़िता की मौत की खबर को फर्जी बताया है।

The post Fact Check: श्रीगंगानगर मामले में पीड़िता की मौत के दावे के साथ वायरल हुआ उत्तराखंड का पुराना और असंबंधित वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments