What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: RSS ने नहीं दी पीएम को असम चुनाव में दूर रहने की सलाह, एआई निर्मित वीडियो वायरल

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। असम में विधानसभा चुनाव की हलचल के बीच नेताओं की रैली और सभाओं का सिलसिला जारी है। इसी बीच ‘टीवी9 भारतवर्ष’ नाम के एक न्‍यूज चैनल की वीडियो क्लिप काफी तेजी से वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया है कि ‘राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ’ (RSS) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को असम नहीं आने की सलाह दी है। RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अपने संदेश में लिखा है कि राज्य में बीजेपी को करीब 35 सीटें ही मिलती दिख रही हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। यह खबर फर्जी साबित हुई। खुद न्‍यूज चैनल ने इस क्लिप को फर्जी बताया। चैनल पर इस तरह की कोई खबर प्रसारित नहीं की गई है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘चंद्रशेखर शर्मा’ ने एक न्‍यूज क्लिप को 7 अप्रैल 2026 को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “Assam Breaking असम में बीजेपी की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार RSS ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को असम नहीं आने की सलाह दी है। मोहन भागवत ने अपने संदेश में लिखा है कि राज्य में बीजेपी को करीब 35 सीटों के आसपास ही मिलती दिख रही है। इस खबर ने असम की सियासत में हलचल तेज़ कर दी है। यह साफ संकेत है कि असम में बीजेपी के खिलाफ जबरदस्त अंडरकरंट है। इससे पार्टी के भीतर चिंता बढ़ गई है। पूरी खबर सिर्फ TV9 पर।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने पड़ताल की शुरुआत गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए की। कीवर्ड के जरिए सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल पोस्‍ट की सत्‍यता की पुष्टि कर सके। सर्च के दौरान हमने टीवी9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल को भी खंगाला। वहां भी हमें वायरल न्‍यूज क्लिप नहीं मिली।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने टीवी9 भारतवर्ष ने एक्‍स हैंडल को स्‍कैन किया। वहां हमें एक पोस्‍ट मिली। इसमें वायरल न्‍यूज का खंडन करते हुए 4 अप्रैल को लिखा गया, “FakeNewsAlert : कुछ सोशल मीडिया हैंडल से AI-altered एक वीडियो पोस्ट किया जा रहा है, जिसे TV9 भारतवर्ष के शो ‘सत्ता’ का बताया जा रहा है, जो बिल्कुल गलत है. इस वीडियो में असम चुनाव को लेकर कुछ ऐसे दावे किए जा रहे हैं जो TV9 भारतवर्ष पर प्रसारित नहीं हुए हैं. ये फेक न्यूज है. और TV9 Bharatvarsh इस फेक न्यूज़ का खंडन करता है.”

जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘undetectable AI’ टूल की मदद से वायरल वीडियो को चेक किया गया। इसके नतीजों ने वीडियो की आवाज को एआई-निर्मित बताया।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल न्‍यूज क्लिप को अपने सहयोगी, ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (DAU) के साथ शेयर किया, जो ‘ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस’ (TIA) की एक पहल है। इस टीम ने वीडियो को अलग-अलग टूल्‍स से चेक किया। इसमें एआई के इस्‍तेमाल की संभावना जताई गई। ‘Hiya’ टूल से चेक करने पर पता चला कि वायरल वीडियो में मौजूद आवाज में एआई का इस्‍तेमाल किया गया है।

इसी तरह ‘Hive AI’ डीपफेक डिटेक्टर टूल के नतीजों से पता चला कि एंकर के कई फ्रेमों के साथ एआई से छेड़छाड़ किया गया है।

सर्च के दौरान हमें टीवी9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। इसमें एंकर वही कपडे पहने हुए दिख रही है, जो वायरल क्लिप में उसने पहनी हुई हैं, लेकिन यह खबर अलग थी। इसमें यूएई में एक भारतीय की करोड़ों की लॉटरी खुलने की खबर थी। यह खबर 28 अक्‍टूबर 2025 को अपलोड की गई थी।

विश्‍वास न्‍यूज से बातचीत में संघ के पूर्व प्रांत प्रचार प्रमुख और दिल्ली स्थित संघ की सहायक प्रकाशन, सुरुचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली ने बताया कि हर चुनाव से पहले संघ के नाम पर ऐसी फर्जी पोस्‍ट वायरल होती रहती हैं। इसमें कोई सच्‍चाई नहीं है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले फेसबुक यूजर ‘चंद्रशेखर शर्मा’ की सोशल स्‍कैनिंग की गई। यह अकाउंट मार्च 2019 में बनाया गया था। यूजर को पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर मध्‍य प्रदेश का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में टीवी9 भारतवर्ष की न्‍यूज के नाम पर वायरल क्लिप फर्जी साबित हुई। इसे एआई की मदद से तैयार किया गया है।

The post Fact Check: RSS ने नहीं दी पीएम को असम चुनाव में दूर रहने की सलाह, एआई निर्मित वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments