नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल 2026 को दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा हो गई, लेकिन इसी बीच एक बिल्डिंग में ब्लास्ट होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बिल्डिंग के पास फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी खड़ी है और कुछ लोग अंदर जा रहे हैं। तभी अचानक धमाका होता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने इजरायली रक्षा मंत्री योआव गैलेंट पर हमला किया है और यह बिल्डिंग रक्षा मंत्रालय की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि दिसंबर 2025 का है। ब्राजील के एक मार्केट में तब आग लग गई थी और दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान वहां ब्लास्ट हो गया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Kamlesh Singh’ ने 3 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्या ईरान ने इजरायली रक्षा मंत्री को खत्म कर दिया? ये बिल्डिंग इजरायली रक्षा मंत्री की बताई जा रही है, ईरानी हमले से इस बिल्डिंग को बहुत नुकसान पहुंचा है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Fernanda Melchionna’ नाम के एक एक्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 31 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो ब्राजील के शहर सैंटाना डो लिव्रामेंटो में लगी भीषण आग का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ब्राजील की न्यूज वेबसाइट ‘gaúcha zh clicrbs’ पर मिली। रिपोर्ट को 31 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। पुर्तगाली भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, सैंटाना डो लिव्रामेंटो के सुपरमार्केट में आग लग गई थी और दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए वहां पहुंचे थे। तभी वहां विस्फोट हो गया और करीब 17 लोग घायल हो गए । घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

वायरल वीडियो हमें इसी जानकारी के साथ ‘Terra Brasil’ नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो को 1 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था।
वायरल वीडियो के बारे में जानकारी के लिए हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के फेक वीडियो को शेयर कर इजरायल के खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है।
क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा हो गई है। इसी के साथ ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच 40 दिनों से चल रहे हमलों पर रोक लग गई है। हालांकि, यह भी खबरें हैं कि इजरायल इस समझौते से खुश नहीं है और उसे इस समझौते के अंतिम चरण में ही सूचित किया गया था। हालांकि, पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने इसमें भाग लेने पर सहमति जताई है।
अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो लाख 40 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इजरायल के रक्षा मंत्री की इमारत पर हुए हमले के दावे से वायरल ब्लास्ट के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि दिसंबर 2025 का है। करीब चार महीने पहले ब्राजील के एक मार्केट में आग लग गई थी और दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए वहां पहुंचे थे। तभी वहां ब्लास्ट भी हो गया था। यह वीडियो उसी घटना का है।
The post Fact Check: इजरायल के रक्षा मंत्री की इमारत पर हमले के दावे से वायरल हुआ ब्राजील में आग लगने का वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments