What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: रांची में पुल से हाथी गिरने का दावा FAKE, AI क्रिएटेड है वीडियो

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्लेटफॉर्म पर हाथी का एक वीडियो और तस्‍वीरें वायरल हो रही हैं। इनमें हाथी को पुल के ऊपर से गिरते हुए दिखाया गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह घटना झारखंड की राजधानी रांची में हुई है।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। रांची में हाथी के गिरने के नाम पर वायरल वीडियो एआई से बनाया गया है। इसमें सच्‍चाई नहीं है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘कुसुम वर्मा’ ने 2 मार्च 2026 को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “रांची में दिल दहला देने वाला मंजर। जब फ्लाईओवर पर भटकता जंगली हाथी अचानक नीचे जा गिरा! रांची में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक जंगली हाथी शहर के व्यस्त फ्लाईओवर पर चढ़ गया और संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा। अचानक हाथी को सड़क पर देखकर वाहनों में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों के अनुसार हाथी पुल की पैरापीट दीवार के बेहद करीब पहुंच गया, तभी उसका पैर फिसल गया या दीवार कमजोर होने से टूट गई और वह सीधे नीचे जा गिरा। गिरते समय कंक्रीट का बड़ा हिस्सा भी साथ आया। जिस स्थान पर हाथी गिरा, वहां कुछ ही सेकंड पहले एक कार गुजरी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन मौके पर पहुंचे और हाथी को रेस्क्यू किया।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने पुल से गिरते हाथी के वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। यहां कीवर्ड से सर्च करने पर हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जो वायरल वीडियो की सच्‍चाई की पुष्टि कर सके। यदि रांची में ऐसी घटना हुई होती तो वह जरूर खबरों में आती।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इस वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से जांचा। सबसे पहले हमने ‘हाइव मॉडरेशन’ से इस वीडियो को चेक किया। इसमें इसे 99.6% एआई संभावित बताया गया।

‘साइट इंजन’ में भी इसे 79 फीसदी एआई संभावित बताया गया। साथ ही, इसके ‘सोरा’ से बने होने की संभावना भी 73 फीसदी बताई गई। ‘सोरा’ एक एआई वीडियो जनरेशन मॉडल है। इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, डिजिटल के झारखंड प्रभारी चंदन शर्मा से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो को साझा किया। उन्‍होंने बताया कि रांची में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, जैसा कि वायरल वीडियो में दावा किया गया है।

पड़ताल के अंत में फर्जी वीडियो को पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि ‘कुसुम वर्मा’ नाम की इस फेसबुक प्रोफाइल को सात हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, यूजर यूपी के लखनऊ में रहती हैं।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में रांची में पुल से हाथी गिरने की कोई घटना नहीं हुई है। वायरल वीडियो फेक है। इसे एआई की मदद से बनाकर वायरल किया गया है।

The post Fact Check: रांची में पुल से हाथी गिरने का दावा FAKE, AI क्रिएटेड है वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments