What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: कश्मीर में आए हिमस्खलन का बताकर वायरल हो रहा वीडियो एआई निर्मित

नई दिल्ली विश्वास न्यूज। सोशल मीडिया पर बर्फ के पहाड़ टूटने और भारी हिमस्खलन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बर्फ का एक विशाल सैलाब तेजी से नीचे की ओर आ रहा है और नीचे खड़े लोगों को अपनी चपेट में लेता हुआ चला जाता है। दावा किया जा रहा है कि यह कश्मीर में आए हालिया हिमस्खलन का असली वीडियो है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किया गया है। एआई निर्मित इस वीडियो को कश्मीर की घटना बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम पर एक यूजर ‘newsworld0001‘ ने 7 फरवरी को इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे कश्मीर में आए हिमस्खलन का बताया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कश्मीर के सोनमर्ग में आए हालिया हिमस्खलन से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स को सर्च किया। हमें एनडीटीवी की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें सोनमर्ग में हिमस्खलन की वास्तविक घटना का जिक्र है। रिपोर्ट के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को सोनमर्ग में हिमस्खलन हुआ था, जिसने कुछ इमारतों को चपेट में लिया था, लेकिन राहत की बात यह थी कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। हालांकि, उस घटना का असली फुटेज वायरल वीडियो से पूरी तरह अलग है।

वायरल वीडियो को गौर से देखने पर हमें इसमें कई विसंगतियां नजर आईं। जैसे, वीडियो में हिमस्खलन का सैलाब लोगों के बेहद करीब पहुंचने पर भी वहां मौजूद लोग घबराने या तेजी से भागने के बजाय बहुत धीमी गति से हिल रहे हैं, जो कि ऐसी स्थिति में असंभव है। हमें शक हुआ कि वीडियो एआई  निर्मित हो सकता है।

इसकी पुष्टि के लिए हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से जांचा। हाइव मॉडरेशन टूल ने इस वीडियो को 99.9 प्रतिशत एआई संभावित बताया।

अनडिटेक्टेबल एआई टूल ने भी वीडियो के एआई निर्मित होने की 79 प्रतिशत संभावना जताई।

हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ भी शेयर किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वीडियो को बनाने के लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल किया गया है।  

वायरल पोस्ट शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘newsworld0001’ के 90 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: कश्मीर में आए हिमस्खलन का बताकर वायरल हो रहा वीडियो एआई निर्मित appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments