What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: ट्रंप ने मोदी को नहीं दी राजनीतिक करियर ‘तबाह’ करने की धमकी, वायरल दावा FAKE और वीडियो क्लिप्ड है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील की घोषणा होने के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। इसमें ट्रंप को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अगर वे चाहें तो नरेंद्र मोदी का राजनीतिक करियर ‘तबाह’ कर सकते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो क्लिप को हालिया बताकर और ट्रंप के मोदी को धमकी दिए जाने के संदर्भ में शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। यह वीडियो उनके पुराने बयान का क्लिप्ड हिस्सा है। 2025 में ट्रंप ने एक अन्य संदर्भ में यह बयान दिया था, जिसके चुनिंदा या एडिटेड अंश को गलत दावे के साथ प्रधानमंत्री मोदी को धमकाए जाने के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Balkaur Singh Dhillon’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “डोनाल्ड ट्रंप का बयान चर्चा में है. “मैं नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर को खत्म कर सकता हूं, लेकिन ऐसा करना नहीं चाहता.” एक बयान, कई सवाल. क्या यह सिर्फ राजनीतिक बयान है या इसके पीछे कोई बड़ा संकेत है? वैश्विक राजनीति में शब्दों का वजन होता है. उनका असर दूर तक जाता है.”

कई अन्य एक्स यूजर्स (आर्काइव लिंक) ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है। वहीं, सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर ट्रंप के इस बयान को, मोदी को धमकी दिए जाने के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप करीब 10 सेकेंड का है, जिसमें ट्रंप को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “Modi is a great man. He loves Trump. I don’t want you to take the word “love” any differently. I don’t want to destroy his  political career.”

“मोदी एक महान इंसान हैं। वह ट्रंप से प्यार करते हैं। मैं नहीं चाहता कि आप ‘प्यार’ शब्द का कोई और मतलब निकालें। मैं उनका पॉलिटिकल करियर बर्बाद नहीं करना चाहता।” कई यूजर्स ने हालांकि, वीडियो के केवल उस हिस्से को शेयर किया है, जिसमें उन्हें मोदी का राजनीतिक करियर ‘तबाह’ करने के बारे में बोलते हुए सुना जा सकता है।

इस छोटे वीडियो क्लिप में ट्रंप के बयान को सुनकर स्पष्ट हो जाता है कि उनका संदर्भ मोदी को धमकी दिए जाने का नहीं था, बल्कि उनका कहना था, “मोदी एक महान इंसान है। वह ट्रंप से प्यार करते हैं।” और इसके बाद वह स्पष्टीकरण देते हुए कहते हैं, “मैं नहीं चाहता कि आप ‘प्यार’ शब्द का कोई और मतलब निकालें। (क्योंकि) मैं उनका राजनीतिक करियर बर्बाद करना नहीं चाहता।”

इस बयान का संदर्भ और अधिक स्‍पष्‍ट करने के लिए हमने इसके कीवर्ड्स के आधार पर न्यूज सर्च किया और हमें ऐसी कई पुरानी रिपोर्ट्स मिलीं, जिनमें इसका जिक्र है।

16 अक्टूबर 2025 की टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री के बारे में एक अजीब टिप्पणी की और फिर उन्हें तुरंत इसका स्पष्टीकरण देने की जरूरत महसूस हुई। व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, “वह (पीएम मोदी) ट्रंप से प्यार करते हैं।” और इसके तुरंत बाद उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि ‘प्यार’ शब्द का कोई और मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए क्योंकि वह “मोदी का राजनीति करियर बर्बाद करना नहीं चाहते हैं।”

द हिंदू के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर हमें यह वीडियो मिला, जिसे 16 अक्तूबर 2025 को शेयर किया गया था।

इस वीडियो में ट्रंप का पूरा बयान मिला, जो वायरल क्लिप के संदर्भ को और अधिक स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा, “नहीं, मोदी एक महान इंसान हैं, वह ट्रंप से प्यार करते हैं। अब मुझे नहीं पता कि ‘प्यार’ शब्द का मतलब आप कुछ और न समझ लें, मैं उनका पॉलिटिकल करियर खराब नहीं करना चाहता, ठीक है?”

इसके बाद वह कहते हैं, “लेकिन आपको समझना होगा, मैंने सालों से भारत को देखा है, यह एक शानदार देश है और हर साल (यहां) एक नया लीडर होता था, मतलब कुछ लोग, कुछ महीनों के लिए ही रहते थे और यह साल दर साल होता रहा। मेरा दोस्त (मोदी) अब काफी समय से वहां है और उसने मुझे भरोसा दिलाया है कि रूस से कोई तेल नहीं खरीदा जाएगा।”

वायरल वीडियो को लेकर हमने विदेश मामलों को कवर करने वाले सीनियर जर्नलिस्ट उमाशंकर सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह ट्रंप का एक पुराना बयान था और इसका संदर्भ भी अलग था। उन्होंने हमारे साथ अपने उस पुराने एक्स पोस्ट को साझा किया, जो इस बयान की लाइव रिपोर्टिंग से संबंधित है और इसमें भी इस बयान का संदर्भ धमकाने का नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले काफी समय से ट्रंप (ऑपरेशन सिंदूर को लेकर) मोदी को लेकर बयान देते रहे हैं, जिन पर मोदी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हाल ही में भारत और अमेरिका ने अंतरिम ट्रेड डील के फ्रेमवर्क की घोषणा की है, जिसके मुताबिक दोनों देश एक दूसरे के सामानों और उत्पादों पर टैरिफ को कम करेंगे या उसे पूरी तरह से खत्म करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी इस डील की घोषणा करते हुए पोस्ट किया गया है।

वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक करियर खत्म करने की धमकी नहीं दी। इस दावे से वायरल हो रहा वीडियो क्लिप एडिटेड है। उन्होंने अन्य संदर्भ में यह बयान दिया था, जिसे वायरल वीडियो क्लिप से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा था “मोदी एक महान इंसान हैं। वह ट्रंप से प्यार करते हैं।” इसके तुरंत बाद उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मैं नहीं चाहता कि आप ‘प्यार’ शब्द का कोई और मतलब निकालें। मैं उनका पॉलिटिकल करियर बर्बाद नहीं करना चाहता।”

The post Fact Check: ट्रंप ने मोदी को नहीं दी राजनीतिक करियर ‘तबाह’ करने की धमकी, वायरल दावा FAKE और वीडियो क्लिप्ड है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments