नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर स्कूटी को क्रेन से उठाकर ले जाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग क्रेन की मदद से स्कूटी को उठा रहे हैं, लेकिन एक शख्स उस पर बैठा हुआ है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह हाल ही में नागपुर में हुई घटना का है, जहां नो-पार्किंग जोन में स्कूटी खड़ी थी। तभी एक क्रेन उसे उठाने के लिए आई। उसी दौरान स्कूटी का मालिक भी वहां पर आ गया और उस पर बैठ गया, लेकिन क्रेन में बैठे लोगों ने स्कूटी को उठाना जारी रखा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो साल 2022 में हुई घटना का है, जिसे अब लोग भ्रामक दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘State Mirror Hindi’ ने 7 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “नागपुर में क्रेन स्कूटी उठाने आई, लेकिन स्कूटी मालिक समय रहते पहुंच गया और स्कूटी पर बैठ गया। इस पर क्रेन चालक ने स्कूटी मालिक को भी उठाने की कोशिश की, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पत्रिका (आर्काइव लिंक), और टाइम्स नाउ हिंदी (आर्काइव लिंक) और जी न्यूज (आर्काइव लिंक) ने भी इस खबर को प्रकाशित किया है।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘ABP MAJHA’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। इस वीडियो रिपोर्ट को 22 जुलाई 2022 को शेयर किया गया था। मराठी भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, एक शख्स ने नो-पार्किंग में स्कूटी खड़ी की थी। जब पुलिस स्कूटी उठाने लगी तो वह उस पर आकर बैठ गया। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं रोकी और स्कूटी लेकर चले गए।
एनडीटीवी की वेबसाइट पर 26 जुलाई 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “इंटरनेट की दुनिया में यूं तो रोजाना कोई न कोई वीडियो वायरल होता ही रहता है, लेकिन कई बार कुछ वीडियो ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर हैरानी भी होती है और हंस-हंसकर बुरा हाल भी। एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नो-पार्किंग जोन में खड़ी एक स्कूटी देखते ही देखते क्रेन की मदद से हवा में लटकती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर जहां एक तरफ इस अजीबोगरीब दृश्य को देखकर लोग हैरान हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे मजाकिया लहजे में लेकर कह रहे हैं कि, ‘गलत पार्किंग पर यह सजा ठीक है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने महाराष्ट्र मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से भी संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को पुराना बताया है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को एक लाख पचास हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्कूटी को उठाकर ले जाने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो साल 2022 में हुई घटना का है, जिसे अब लोग भ्रामक दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।
The post Fact Check: मालिक के साथ स्कूटी उठाने की यह घटना तीन साल पुरानी, भ्रामक दावे के साथ वीडियो हुआ वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments