What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: सीएम योगी का अपनी मां से मिलने का 2024 का वीडियो अभी का बताकर किया गया वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी महीने उत्तराखंड के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में दो दिवसीय कार्यक्रम में पहुंचे थे। अब इसी दौरे से जोड़ते हुए उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सीएम योगी को अपनी मां से मिलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हालिया बताकर लिखा जा रहा है कि पौड़ी गढ़वाल में जब अपनी मां से मिलने सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे तो वह भावुक हो गईं।

वीडियो को अभी का समझकर कई यूजर्स शेयर और कमेंट कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस सोशल मीडिया पोस्‍ट को भ्रामक पाया। वीडियो 2024 के जून महीने का है, जब सीएम योगी अपनी मां को देखने के लिए ऋषिकेश के एम्‍स अस्‍पताल पहुंचे थे। उसी वक्‍त के पुराने वीडियो को अभी का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक पेज ‘Politicswala’ ने 9 फरवरी 2026 को सीएम योगी और उनकी मां के पुराने वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा, ”अपनी मां से मिलने पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल पर सर्च किया। हमें टाइम्‍स नाउ नवभारत के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का बड़ा वर्जन मिला। 16 जून 2024 को अपलोड इस वीडियो के साथ बताया गया कि सीएम योगी ने अपनी मां सावित्री देवी से ऋषिकेश के एम्‍स में मुलाकात की।

सर्च के दौरान आजतक की वेबसाइट पर हमें एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि सीएम योगी की मां कुछ दिन पहले भी एम्स में इलाज के लिए आई थीं। उस समय जांच के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। उसके बाद फिर उनकी आंखों की जांच के लिए उन्‍हें एम्स में भर्ती किया गया। इसी क्रम में यूपी के सीएम और उनके बेटे योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने पहुंचे थे। इस खबर को 16 जून 2024 को पब्लिश किया गया था।

वायरल वीडियो का एक छोटा वर्जन हमें एएनआई के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 17 जून 2024 को अपलोड हुए इस वीडियो के साथ बताया गया कि 16 जून को मुख्‍यमंत्री योगी ने ऋषिकेश के एम्‍स में अपनी मां से मुलाकात की।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने दैनिक जागरण, ऋषिकेश के ईपेपर को स्‍कैन किया। हमें 8 फरवरी को प्रकाशित एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि सीएम योगी ने 6 फरवरी को अपने पैतृक गांव पंचूर में रात्रि विश्राम किया। वहां उन्‍होंने अपनी मां सावित्री देवी का आशीर्वाद भी लिया। सीएम अपने पैतृक घर में ही ठहरे थे।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को लेकर भाजपा की सोशल मीडिया टीम के मेंबर शशि कुमार से भी बात की। उन्‍होंने बताया कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का अपनी मां से मुलाकात का वायरल वीडियो पुराना है।

पड़ताल के अंत में पुराने वीडियो को अभी का बताकर वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यह फेसबुक पेज भोपाल से संचालित होता है। इसे 67 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में सीएम योगी और उनकी मां का वायरल वीडियो 16 जून 2024 का साबित हुआ। उस वक्‍त सीएम अपनी मां से मिलने ऋषिकेश के एम्‍स अस्‍पताल गए थे। उसी वक्‍त के वीडियो को अभी का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

The post Fact Check: सीएम योगी का अपनी मां से मिलने का 2024 का वीडियो अभी का बताकर किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments