नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा हाल ही में अपराधी जेफरी एपस्टीन की जांच से जुड़े लाखों पन्नों के दस्तावेज, वीडियो और तस्वीरें सार्वजनिक किए जाने के बाद से सोशल मीडिया पर इनसे जुड़े दावों की बाढ़ आ गई है। इसी कड़ी में एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें पिंजरे में बंद एक गर्भवती महिला को मदद के लिए गुहार लगाते देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह ‘खतरनाक मंजर’ एपस्टीन फाइल्स का हिस्सा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा फर्जी है। वायरल वीडियो असल में एक काल्पनिक हॉरर फिल्म का हिस्सा है, जिसका एपस्टीन केस से कोई लेना-देना नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘मोहम्मद फहीम मुशीर’ (Archive) ने 9 फरवरी 2026 को एक रील शेयर करते हुए लिखा, “गर्भवती नाबालिगों के साथ जानवरों जैसा सलूक किया गया, बहुत खतरनाक मंजर #एपस्टीनफाइल्स।”

पड़ताल
अपनी पड़ताल शुरू करते हुए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। जांच में हमें इस क्लिप का पूरा वीडियो ‘Life of Luxury’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 5 अप्रैल 2025 को अपलोड किया गया था।
इस वीडियो का शीर्षक “It Crawled Into Her Bed at Night..” है। वायरल क्लिप इसी वीडियो के 0:28 से 0:40 और 12:08 से 13:00 मिनट के बीच के दृश्यों से बनाई गई है। वीडियो की कहानी काल्पनिक पात्रों ‘पार्कर’ और ‘चेस्टर’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक सुनसान घर में रहस्यमयी ढंग से गायब हुए लोगों की जांच कर रहे हैं। वीडियो डिस्क्रिप्शन में साफ-साफ लिखा है कि यह कंटेंट ‘आर्टिस्टिक मकसद’ और ‘एंटरटेनमेंट के इरादे’ से बनाया गया है।

हमने वायरल दावे की पुष्टि के लिए चैनल से मेल के जरिये संपर्क किया। एडमिन ने जवाब में बताया कि यह एक वीडियो सीरीज का सीन है, कोई असली घटना नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि बिना क्रेडिट और उचित अनुमति के उनके कंटेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो गलत है और वे इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
क्या हैं एप्स्टीन फाइल्स?
अमेरिकी न्याय विभाग ने यौन अपराधों के दोषी जेफरी एपस्टीन से संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक किया है। इन फाइल्स में कई प्रभावशाली हस्तियों के नाम और उनसे जुड़े सबूत शामिल हैं। एपस्टीन की 2019 में मौत हो गई थी, लेकिन उसके दस्तावेजों से जुड़े खुलासे आज भी दुनिया भर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘मोहम्मद फहीम मुशीर’ के 6000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: एपस्टीन फाइल्स के नाम पर वायरल हुआ गर्भवती महिला का यह वीडियो दरअसल एक हॉरर वीडियो का सीन है appeared first on Vishvas News.
0 Comments